रांची: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आठ अक्टूबर को गढ़खटंगा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय संस्थान के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे।
कार्यक्रम में कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, विधायक राजेश कच्छप समेत केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारी और आईसीएआर के वरिष्ठ वैज्ञानिक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ एमएल जाट और सह अध्यक्षता उप महानिदेशक डॉ डीके यादव करेंगे।
यह जानकारी संस्थान के निदेशक डॉ सुजय रक्षित ने मंगलवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस मे दी। उन्होंने बताया कि उद्घाटन के साथ ही प्री-रबी किसान गोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में करीब 1,200 किसानों समेत 1,300 से 1,400 लोगों के शामिल होने की संभावना है।
डॉ रक्षित ने बताया कि संस्थान की यात्रा वर्ष 2012 में शुरू हुई थी और 2014 में तत्कालीन केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने इसका शिलान्यास किया था। वर्ष 2014 से 2021 तक संस्थान नामकुम स्थित मुख्यालय से संचालित हुआ। वर्ष 2021 में गढ़खटंगा स्थित फील्ड सुविधा से काम शुरू किया गया। अब नए परिसर में मुख्य प्रशासनिक भवन समेत कई अत्याधुनिक सुविधाएं तैयार हो चुकी हैं।
15 हजार वर्गमीटर में बना मुख्य भवन
मुख्य प्रशासनिक भवन करीब 15 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बना है। इसमें पांच बड़े और करीब 11 छोटे प्रयोगशाला, प्रशासनिक कार्यालय, कक्षाएं, पुस्तकालय, वैज्ञानिकों के कक्ष और कंप्यूटर एवं जैव सूचना विज्ञान प्रयोगशाला सहित आधुनिक सुविधाएं हैं।
50 दिन में फसल की एक पीढ़ी तैयार करने की सुविधा
संस्थान की प्रमुख सुविधाओं में करीब 500 वर्गमीटर में विकसित नेक्स्ट-जेन ब्रीडिंग केंद्र शामिल है। इसमें तापमान और प्रकाश की तीव्रता को नियंत्रित कर फसल की पीढ़ी को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। धान जैसी फसल की ‘सीड टू सीड’ प्रक्रिया को करीब 50 दिनों में पूरा करने का प्रयास होगा। इससे नई किस्मों के विकास में लगने वाला समय कम होगा।
किसानों के प्रशिक्षण के लिए विशेष भवन
बिरसा मुंडा बहुउद्देशीय भवन में किसानों, विशेषकर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के किसानों के प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। यहां छात्रावास, अतिथि कक्ष, प्रशिक्षण कक्ष, भोजनालय, रसोई और करीब 200 लोगों की क्षमता वाला सभागार बनाया गया है।
वहीं जयपाल सिंह खेल परिसर में बैडमिंटन कोर्ट, जिम और टेबल टेनिस समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। करीब 2,600 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले नए गेस्ट हाउस का शिलान्यास भी 8 अक्टूबर को किया जाएगा।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
