द जन सभा | निरंजन भारती
रांची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। रांची पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक त्वरित छापेमारी अभियान चलाकर करीब 5.65 ग्राम प्रतिबंधित ‘ब्राउन शुगर’ के साथ एक 26 वर्षीय युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी युवक पहले भी हत्या जैसे गंभीर अपराध में जेल जा चुका है।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और सदर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए रांची नर्सिंग होम के पीछे बने एलिवेटर रूम के पास महुआटोली इलाके में घेराबंदी की, जहां संदिग्ध हालत में खड़े युवक को दबोच लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सुन्दर हेम्ब्रम (उम्र 26 वर्ष, पिता- प्रेम हेम्ब्रम) के रूप में हुई है, जो कि सदर थाना क्षेत्र के खिजूरटोला पारटोला का रहने वाला है। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पैंट की जेब से कागज और सिल्वर फॉयल (चांदी की पन्नी) में लिपटी हुई ब्राउन शुगर की छोटी-छोटी पुड़िया और प्लास्टिक के पाउच बरामद हुए। वजन करने पर कुल 05.65 ग्राम ब्राउन शुगर पाई गई। इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से एक मोटोरोला कंपनी का स्मार्ट फोन और 400 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
आरो का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस के आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सुन्दर हेम्ब्रम का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह साल 2024 में सदर थाने में दर्ज एक हत्याकांड (कांड संख्या 157/24, धारा 302/201/34) का भी आरोपी है। इस नए मामले को लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर थाना में कांड संख्या 323/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की गंभीर धाराओं 21(b) और 22(b) में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस सफल छापेमारी टीम में डीएसपी संजीव बेसरा और थाना प्रभारी कुलदीप कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
