Ranchi News: पिठौरिया में बेखौफ चोरों का तांडव, बंद घर की छत तोड़कर उड़ाए लाखों के जेवर और नकदी।

अपराध अभी अभी जन सभा विशेष
Share Now

द जन सभा  |  पिठौरिया

राजधानी रांची से सटे पिठौरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल टोली, मरवा गांव में बेखौफ अपराधियों ने चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिसिया सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। चोरों ने एक सूने पड़े बंद घर को निशाना बनाते हुए छत का एस्बेस्टस तोड़ डाला और भीतर रखे करीब पौने चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर साफ हाथ कर दिया। घटना के वक्त पीड़िता अपने मायके गई हुई थी और जब वह वापस लौटी, तो घर के भीतर का खौफनाक नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता ने इस दुस्साहसिक वारदात के संबंध में पिठौरिया थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, जंगल टोली निवासी आरती नायक पति- राहुल उरांव बीते 18 मई को अपने घर में अच्छी तरह से ताला बंद कर अपने पिता के साथ मायके मिसिर गोन्दा कांके रोड गई हुई थी, जबकि उसके पति बाहर काम करने गए हुए थे। गुरुवार शाम करीब चार बजे जब आरती वापस अपने घर मरवा लौटी, तो उसने देखा कि मुख्य दरवाजे के ताले को लोहे के हथियार से तोड़ने का प्रयास किया गया था। अनहोनी की आशंका के बीच जब उसने अपने पास मौजूद चाबी से ताला खोला और भीतर दाखिल हुई, तो ऊपर छत का एस्बेस्टस टूटा हुआ पाया। अज्ञात चोरों ने घर के अंदर घुसकर सारे सामान को बेरहमी से बिखेर दिया था और बक्से व तिजोरी में रखे कीमती आभूषण गायब थे।

चोरों ने इस पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए भारी लोहे के साबल का इस्तेमाल किया था, जिसे वे जल्दबाजी में मौके पर ही छोड़ भागे। पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई सूची के अनुसार, चोरों ने करीब 1,50,000 रुपये कीमत के सोने के कान के दो जोड़ी झुमके, 50,000 रुपये की छह जोड़ी नाक की नथनी, 60,000 रुपये की दो जोड़ी दुल्हन पायल और 20,000 रुपये की पांच जोड़ी चांदी की अंगूठी गायब कर दी है। इसके अलावा 15,000 रुपये का एक पीस ब्रेसलेट, 30,000 रुपये की गले की सिकरी, 20,000 रुपये की पांच जोड़ी बिछिया और घर में रखे 30,000 रुपये नकद समेत कुल 3,75,000 रुपये की संपत्ति पर चोरों ने डाका डाला है।

मामले को लेकर डरी और सहमी पीड़िता आरती नायक ने बताया कि वह 18 तारीख को अपने पिता के साथ मायके गई हुई थी क्योंकि उसके पति भी काम के सिलसिले में घर से बाहर हैं। उसने घर को बहुत अच्छे तरीके से लॉक किया था। जब वह शाम को वापस लौटी, तो दरवाजे का ताला क्षतिग्रस्त मिला और अंदर जाने पर छत का एस्बेस्टस टूटा हुआ था। चोरों ने उसके जीवन भर की गाढ़ी कमाई, जिसमें सोने के झुमके, नथनी, चांदी की पायल, अंगूठी, ब्रेसलेट और 30 हजार रुपये नकद शामिल थे, सब कुछ लूट लिया। चोरों ने वारदात के लिए जिस लोहे के साबल का इस्तेमाल किया, वह भी घर में ही छोड़ गए हैं।

​इस सनसनीखेज चोरी के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि क्षेत्र में पुलिसिया गश्त न के बराबर होने के कारण अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर हैं और वे दिन-दहाड़े ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पीड़िता ने पिठौरिया थाना प्रभारी से अविलंब प्राथमिकी दर्ज करने, चोरों की गिरफ्तारी करने और चोरी गए सामान की जल्द से जल्द बरामदगी करने की मांग की है। वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन और घटनास्थल से बरामद भारी साबल के फिंगरप्रिंट्स के आधार पर चोरों का सुराग लगाने में जुट गई है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *