Ranchi News: कांके में ढोल-नगाड़ों के साथ CO अमित भगत ने आदिवासी परिवार को दिलाई दखल दिहानी

आदिवासी जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

अंचल क्षेत्र के चेड़ी मौजा में कराई गई दखल दिहानी, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

द जन सभा

कांके अंचल क्षेत्र के चेड़ी मौजा में बुधवार को प्रशासन की मुस्तैदी और न्यायप्रियता की एक अनूठी तस्वीर देखने को मिली। अंचल अधिकारी अमित भगत के निर्देश पर सालों से अपनी ही जमीन के लिए भटक रहे रैयत राजेंद्र उरांव को आखिरकार उनका हक मिल गया। भारी पुलिस बल और अंचल अधिकारियों की मौजूदगी में, पूरे पारंपरिक तौर-तरीके और ढोल-नगाड़े बजाकर राजेंद्र उरांव को जमीन पर दखल दिहानी कराई गई। इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों में अंचल प्रशासन और कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

​एसएआर कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

​मामले की जानकारी देते हुए सीओ अमित भगत ने बताया कि चेड़ी मौजा के खाता संख्या 73, प्लॉट संख्या 1324 के अंतर्गत आने वाली 30 डिसमिल खरीदगी जमीन पर सियारटोली बुढ़मु निवासी जलेश्वर महतो व अन्य का काफी लंबे समय से अवैध कब्जा था। जमीन को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

न्याय की आस में पीड़ित राजेंद्र उरांव ने एसएआर कोर्ट में जलेश्वर महतो व अन्य के खिलाफ वाद संख्या 71/2023-24 दर्ज कराया था। मामले की सुनवाई के बाद विशेष विनियमन पदाधिकारी मनीषा तिर्की ने दोनों पक्षों के तर्कों को सुना और राजेंद्र उरांव के पक्ष में फैसला सुनाया। कोर्ट ने अवैध कब्जाधारियों को बेदखल करते हुए जमीन का मालिकाना हक मूल रैयत राजेंद्र उरांव को सौंपने का ऐतिहासिक आदेश दिया।

​मौके पर डटे रहे अधिकारी, शांतिपूर्ण संपन्न हुई प्रक्रिया

कोर्ट के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए बुधवार को मजिस्ट्रेट सह अंचल निरीक्षक चितरंजन टुडू की देखरेख में भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंचल की टीम खुद मौके पर मुस्तैद रही। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच राजेंद्र उरांव को उनकी जमीन सौंपी गई। प्रशासन की इस त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सरहाना की और कहा कि ‘देर से ही सही, लेकिन अंचल प्रशासन के सहयोग से आज न्याय की जीत हुई है।’

​इस मौके पर मुख्य रूप से हल्का कर्मचारी माध्वी कुमारी, अंचल अमीन जितेंद्र साहु, ललित सहित अंचल के कई कर्मी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *