The Jan Sabha ब्यूरो जयपुर,
1 मई 2026

राजस्थान में भजनलाल सरकार की महत्वाकांक्षी कृषि योजनाओं को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अब संगठन स्तर पर कमर कस ली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट’ (GRAM) के माध्यम से प्रदेश के किसानों को नवाचारों से जोड़ने के लिए सरकार और संगठन मिलकर काम करेंगे। इसके लिए प्रत्येक जिले में विशेष ‘ग्राम रथ’ संचालित किए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर किसानों को सरकारी योजनाओं से रूबरू कराएंगे।
योजनाओं का प्रचार करेंगे ‘ग्राम रथ’
मदन राठौड़ ने बताया कि इन ‘ग्राम रथों’ का मुख्य उद्देश्य केवल सूचना देना नहीं, बल्कि किसानों को आवेदन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने के तरीकों की व्यावहारिक जानकारी देना है। भाजपा संगठन ने लक्ष्य रखा है कि ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के माध्यम से प्रदेश में हो रहे विकास, कृषि नवाचार और विभिन्न योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार हो। इन रथों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि क्षेत्र की नई संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
संगठन और सरकार का अनूठा समन्वय
प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, इन ग्राम रथों के साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की एक विशेष टोली भी सक्रिय रूप से जुड़ रही है। यह टोली ग्रामीणों के बीच जाकर न केवल योजनाओं का ब्यौरा देगी, बल्कि मौके पर ही अधिक से अधिक पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी करेगी। पार्टी का मानना है कि इस सीधे संवाद से योजनाओं की राह में आने वाली बाधाएं दूर होंगी और लाभार्थियों की संख्या में इजाफा होगा।
निगरानी के लिए प्रदेश स्तरीय समिति गठित
राजस्थान ग्लोबल एग्रीटेक समिट के सुचारू संचालन और निगरानी के लिए भाजपा ने एक विशेष प्रदेश मॉनिटरिंग समिति का गठन किया है। इस समिति में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच और नाहर सिंह जोधा के साथ प्रेम सिंह बनवासा एवं अनुराग जांगिड़ को शामिल किया गया है। यह टीम पूरे प्रदेश में हो रही गतिविधियों का समन्वय करेगी और समिट की सफलता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रिपोर्टिंग करेगी।
संभागों में दिग्गजों को सौंपी जिम्मेदारी
समिट को व्यापक रूप देने के लिए प्रदेश के सभी संभागों में समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। बीकानेर संभाग में ज्योति मिर्धा और राजेंद्र नायक, जयपुर में लालचंद कटारिया और रामचरण बोहरा, जबकि भरतपुर में प्रेम सिंह बाजौर और सुखबीर सिंह जौनापुरिया जैसे कद्दावर नेताओं को जिम्मा सौंपा गया है। इसी प्रकार अजमेर में सी.आर. चौधरी, जोधपुर में जसवंत विश्नोई, उदयपुर में बंशीलाल कटारा और कोटा संभाग में प्रभुलाल सैनी व नरेंद्र नागर को संभाग समन्वयक बनाया गया है।
