रांची: युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई रांची के बहुप्रतीक्षित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ की तैयारियां आधिकारिक रूप से शुरू हो गई हैं। आगामी 1 से 7 अक्टूबर तक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले सात दिवसीय व्यापार एवं मनोरंजन मेले को लेकर 23 सितंबर को जेसीआई कार्यालय में पोस्टर रिलीज किया गया। आयोजन के पोस्टर शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों, स्कूलों और मंदिरों सहित प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे।
इस वर्ष एक्सपो अपनी 29वीं वर्षगांठ मना रहा है। एक्सपो में देश के विभिन्न शहरों से करीब 400 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें बड़े ब्रांड, स्टार्टअप और ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठान शामिल होंगे। आगंतुक क्यूआर कोड के माध्यम से प्रवेश टिकट बुक करने के साथ-साथ एक्सपो में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए भी पंजीकरण कर सकेंगे।
एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि सात दिनों के आयोजन में जूनियर मास्टरशेफ, चित्रकला, ट्रेजर हंट, तंबोला, डॉग शो, वॉयस ऑफ एक्सपो, एक्सपो टैंक, डांस और योग प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पोस्टर रिलीज कार्यक्रम में एक्सपो संयोजक जेसी तपिश केडिया एवं जेसी राहुल राजगारिया, अध्यक्ष सीए अभिषेक जैन, जेसीरेट चेयरपर्सन खुशबु सिंघानिया, सिद्धार्थ जैस्वाल, तरुण अग्रवाल और प्रवीण अग्रवाल सहित संस्था के सदस्यों ने भाग लिया। यह जानकारी एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने दी।
