पीएनबी के एमडी ने झारखंड दौरे में उद्यमियों, उद्योग जगत और अधिकारियों से की मुलाकात
रांची: पंजाब नेशनल बैंक के एमडी अशोक चंद्र दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे। इस दौरे में उन्होंने झारखंड सरकार के उच्चाधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की। जिसमें वे वित्त सचिव प्रशांत कुमार एवं खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग के सचिव राजेश शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने झारखंड के एमएमएमई उद्यमियों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर के पदाधिकारियों के साथ राउंड टेबल बैठक की और झारखंड के विकास के लिए कई सुझाव लिये। एमडी ने टाउन हॉल मीटिंग में पीएनबी झारखंड के सर्कल हेड एवं प्रबंधकों से बातचीत कर राज्य के विकास में बैंक के योगदान एवं व्यवसाय पर चर्चा हुई।
एमडी ने प्रेसवार्ता कर कहा कि पीएनबी देश का अग्रणी बैंक है। बैंक झारखंड में बेहतर कार्य कर रहा है। खासतौर पर एमएसएमई, कृषि एवं रिटेल पर अधिक फोकस कर रहा है। पंजाब नेशनल बैंक एमएसएमई उद्यमियों को कारोबार विस्तार और कार्यशील पूंजी की जरूरतों के लिए 10 करोड़ तक का ऋण उपलब्ध करा रहा है। बैंक की डिजी एमएसएमई प्राइम योजना के तहत डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से त्वरित ऋण स्वीकृति की सुविधा दी जा रही है। बैंक की योजनाओं का लाभ जीएसटी पंजीकृत और उद्यम पंजीकरण प्राप्त इकाइयां उठा सकती हैं। डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से ऋण आवेदन और त्वरित स्वीकृति की सुविधा से उद्यमियों को कम समय में वित्तीय सहायता मिल रही है। पीएनबी का उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत कर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को गति देना है।
एमडी ने कहा कि कृषि सेक्टर में भी पूरा जोर दे रहा है। खासतौर पर झारखंड में स्वयं सहायता समूह को क्रेडिट लिंकेज से जोड़ा जा रहा है। उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से हर प्रकार की सुविधा मुहैया करायी जा रही है। पीनएनबी सामाजिक सुरक्षा के तहत सरकार की योजनाओं से ग्राहकों को जोड़ रही है। ग्राहक प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना का लाभ उठा रहे हैं। साथ ही रिटेल कारोबार में भी पीएनबी का झारखंड में प्रदर्शन बेहतर है। उन्होंने बताया कि झारखंड में रांची और बोकारो के अलावा हजारीबाग में नया सर्कल कार्यालय खोला गया है। अभी पूरे झारखंड में 209 शाखाओं, 220 एटीएम एवं 1100 बीसी के माध्यम से ग्राहकों को बैंकिंग सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। प्रेसवार्ता में पीएनबी रांची सर्कल के प्रमुख राकेश कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
