JMM V/S BJP: छात्रों के आंदोलन की आड़ में भाजपा राजनीति कर रही है ! खनिज संपदा पर पांडेय ने साधा निशाना

जन सभा विशेष झारखंड राजनीति
Share Now

द जन सभा – डेस्क

झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के पहले दिन से ही छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को राजनीतिक रूप देने की कोशिश की जा रही थी। पांडेय के मुताबिक, घेराव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बंगाल-बिहार से बसों व अन्य वाहनों के जरिए लोगों को लाने के प्रयास ने भाजपा की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं।

पांडेय ने कहा कि छात्रों का आंदोलन छात्रों का था, लेकिन भाजपा ने उसे राजनीतिक टकराव का मंच बनाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के बजाय भाजपा अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में लगी है। उन्होंने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों को राजनीतिक मोहरा बनाने की कोशिश बंद होनी चाहिए।

झामुमो नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा की नजर झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर है। उन्होंने कहा कि झारखंड की संपदा पर किसी बाहरी ताकत का कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। पांडेय ने दावा किया कि अगले पांच वर्षों में एक लाख करोड़ रुपये की खनिज संपदा पर नजर है, जबकि पहले से बकाया डेढ़ लाख करोड़ रुपये को जोड़ने पर यह राशि ढाई लाख करोड़ रुपये तक पहुंचती है।

उन्होंने कहा कि झारखंड राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है और यहां के छात्र, युवा, आदिवासी, मूलवासी तथा झारखंडी जनता अपने अधिकारों की रक्षा करना जानती है। पांडेय ने कहा कि भाजपा पर्दे के पीछे से चाहे जितनी राजनीति करे, उसका राजनीतिक चेहरा जनता के सामने आ चुका है।

पांडेय ने कहा कि झामुमो छात्रों की जायज मांगों और लोकतांत्रिक आंदोलनों का सम्मान करता है। हालांकि, छात्रों के नाम पर राजनीतिक अशांति पैदा करने या झारखंड की खनिज संपदा पर किसी बाहरी ताकत की नजर को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की संपदा पर झारखंडियों के अधिकारों की रक्षा के लिए झामुमो मजबूती से खड़ा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *