द जन सभा | डेस्क
पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर रविवार को टंडवा स्थित एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा के अटल परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम उसी स्थल पर हुआ, जहां 6 मार्च 1999 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने एनटीपीसी की आधारशिला रखने के दौरान वृक्षारोपण किया था। इस दौरान मौजूद लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास, सांसद प्रतिनिधि ईश्वर दयाल पांडे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मिथिलेश गुप्ता, वरिष्ठ नेता अक्षयवट पांडे, मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह, विधायक प्रतिनिधि गोविंद तिवारी और बिनय सिंह समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक कुमार उज्ज्वल दास ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने राजनीति में शुचिता और राष्ट्रसेवा के मानक स्थापित किए। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी समाज और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा हैं।

सांसद प्रतिनिधि ईश्वर दयाल पांडे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल राजनेता नहीं, बल्कि युगपुरुष थे। उन्होंने देश की सामरिक क्षमता को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे के विकास और देश को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया। उन्होंने कहा कि 1999 में अटल जी द्वारा लगाया गया वृक्ष आज भी उनके टंडवा दौरे और उनके संकल्प की याद दिलाता है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष मिथिलेश गुप्ता ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन को त्याग और समर्पण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी के आदर्शों को संगठन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। वरिष्ठ नेता अक्षयवट पांडे ने कहा कि अटल जी के सिद्धांत और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने अटल जी अमर रहें और भारत माता की जय के नारे लगाए। कार्यक्रम में भाजपा के मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।
