द जन सभा | डेस्क
श्रावण मास के अवसर पर चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के संस्थापक अध्यक्ष सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह के रातू रोड स्थित आवास परिसर में महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान शिव से लोक मंगल, शहरवासियों के आरोग्य, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई। पूजा के दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके साथ ही भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति संगीत में देर तक सराबोर रहे। रमेश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी और परिवार के सदस्यों के साथ भगवान शिव का विधिवत पूजन किया। बिल्व पत्र, कमल पुष्प, दुर्वा सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से पूजा के बाद जल, दूध और गन्ने के रस से रुद्राभिषेक किया गया।
रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों से हुआ अनुष्ठान आचार्यों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों के साथ महारुद्राभिषेक कराया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और आरती हुई। भजन कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में बदल गया। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर रमेश सिंह ने कहा कि देवों के देव महादेव की उपासना से मन को शांति मिलती है। भगवान शिव की आराधना से व्यक्ति को सुख, समृद्धि और जीवन में सफलता का मार्ग मिलता है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है और इस अवसर पर लोक कल्याण की कामना की गई।
