रांची के मेगा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में आयोजित होंगी
चार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं, भाग लेंगी 45 टीमें
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शुरू की आयोजन की तैयारी
रांची: खेल के क्षेत्र में झारखंड के अतुलनीय योगदान एवं सफल खेल आयोजनों का ही परिणाम है कि झारखंड को जनवरी, 2025 में चार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिस्पर्धाओ के आयोजन की मेजबानी मिल गयी है। जनवरी, 2025 में यह प्रतियोगिताएं रांची के खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में आयोजित की जाएंगी। राज्य को एसजीएफआई की जिन प्रतियोगिताओ की मेजबानी मिली है उनमे अंडर 19 और अंडर 14 बालक-बालिका वर्ग एथलेटिक्स, अंडर 19 बालक-बालिका वर्ग टेनिस, अंडर 14/17/19 बालक-बालिका वर्ग ट्रैक साइकिलिंग और अंडर 19 बालक-बालिका वर्ग हॉकी प्रतियोगिता शामिल है। अंडर 19 एथलेटिक्स का आयोजन दिनांक 5 जनवरी से 8 जनवरी तक होगा। अंडर 14 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 11 जनवरी से 14 जनवरी तक होगा। टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 17 जनवरी से 19 जनवरी तक होगा। ट्रैक साइकिलिंग का आयोजन दिनांक 17 जनवरी से 20 जनवरी तक होगा। हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 23 जनवरी से 27 जनवरी तक होगा। उक्त प्रतियोगिताओ में देश के विभिन्न राज्यों एवं संघो की 45 टीमें भाग लेंगी। एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता की मेजबानी को लेकर राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
विधानसभा चुनाव के कारण स्थगित हो गयी थी प्रतियोगिताएं
पूर्व में एसजीएफआई की कुछ प्रतियोगिताएं नवंबर और दिसंबर 2024 में आयोजित की जानी थी। झारखंड में विधानसभा चुनाव को देखते हुए एसजीएफआई की प्रतियोगिताओ को स्थगित कर दिया गया था। राज्य में लागू आदर्श आचार संहिता को देखते हुए झारखंड को मिली मेजबानी स्थगित करने का फैसला लिया गया था। चुनाव संपन्न होने के बाद एसजीएफआई की ओर से नयी तिथियों के साथ झारखंड को खेल आयोजन की मेजबानी सौंप दी गयी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
