
नगड़ी एनएच टोल प्लाजा दुर्घटना के घायलों को 50- 50 हजार मुआवजा राशि का हुआ भुगतान
रांची : पूर्व मंत्री, झारखण्ड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य और झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि 6 फरवरी को नगड़ी एनएच टोल प्लाजा के पास हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के साथ ही घायलों को भी घोषित मुआवजा की पूर्ण राशि का भुगतान एक-दो दिनों के अंदर कर दिया जायेगा.
श्री तिर्की ने आज राजधानी रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) एवं रामप्यारी हॉस्पिटल में घायल चेपा लकड़ा, बसंती उरांव, मंगरा उरांव, आरती कुमारी और ऑटो ड्राइवर किशन कुमार साहू से मुलाकात कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि हर स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुनिश्चित की जायेगी.
श्री तिर्की ने सभी घायलों को नकद 50-50 हज़ार रूपये की राशि प्रदान की और कहा कि घोषित 5-5 लाख रूपये की शेष साढ़े 4 लाख रूपये दो दिनों के अंदर सभी घायलों के बैंक खाते में जमा करवा दिये जायेंगे.
साथ ही उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को भी घोषित मुआवजा राशि का एक-दो दिनों के अंदर भुगतान कर दिया जायेगा. इस दौरान श्री तिर्की के साथ इटकी के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी और राष्ट्रीय उच्च पथप्राधिकरण (एनएचएआई) के पदाधिकारी भी साथ थे.
मुआवजा सही लेकिन सुरक्षा और सतर्कता पर ध्यान सबसे जरूरी : बंधु तिर्की
पूर्व मंत्री ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में दोनों मृतकों के परिजनों एवं सभी घायलों के प्रति उनकी पूरी संवेदना है. लेकिन मुआवजा राशि का भुगतान कोई समाधान नहीं है बल्कि केवल सहायता करने का प्रयास है. आगे उन्होंने कहा कि सटीक सुरक्षा व्यवस्था बहुत अधिक जरूरी है और बहुत अधिक सतर्कता की जरूरत है ताकि ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटनाओं से बचा जा सके. श्री तिर्की ने कहा कि अपने-आप में यह दुर्घटना विलक्षण और दुर्भाग्यपूर्ण तो है ही साथ ही अनेक कमियों की ओर भी इशारा करती है और यह भी बताती है कि किसी न किसी स्तर पर वैसी लापरवाही हुई जिसने दो लोगों की न केवल जान ली बल्कि पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल भी कर दिया. उन्होंने कहा कि यह घटना सभी के लिए सतर्क और सावधान होने का संकेत है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
