रांची: एएचपीआई (एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स इंडिया) झारखंड चैप्टर की नई कार्यकारी समिति का गठन रानी अस्पताल, रांची में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चुनाव एवं नियुक्ति की गई। नई समिति के अध्यक्ष पद पर डॉ राजेश कुमार (रानी अस्पताल, रांची) को चुना गया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर सिद्धांत जैन (ऑर्किड अस्पताल) और हर्ष अजमेरा (आरोग्यम अस्पताल) को जिम्मेदारी सौंपी गई।
सचिव पद पर डॉ. शंभु प्रसाद सिंह (कांके जनरल अस्पताल) तथा कोषाध्यक्ष पद पर साहिल गंभीर (राज अस्पताल) को नियुक्त किया गया। संयुक्त सचिव पद के लिए डॉ. दिनेश कुमार (प्राइम अस्पताल, रामगढ़) एवं डॉ. रामनेश कुमार (सिंहपुर नर्सिंग होम, मुरी) का चयन किया गया।
बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों एवं स्वास्थ्य संस्थानों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर से सामान्य निकाय सदस्यों का भी चुनाव किया गया।
एएचपीआई झारखंड चैप्टर के पूर्व अध्यक्ष सईद अहमद अंसारी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विश्वास जताया कि डॉ. राजेश कुमार के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक योगेश गंभीर एवं डॉ. अजय कुमार सिंह ने नवगठित समिति को शुभकामनाएं देते हुए अपना समर्थन व्यक्त किया।
बैठक में कई निर्णय लिए गए। इनमें कार्यकारी समिति की बैठक हर महीने के पहले मंगलवार को रात 8 बजे वर्चुअल माध्यम से होगी। त्रैमासिक सामान्य निकाय बैठकें आयोजित की जाएंगी।
नई समिति का स्थापना समारोह जून 2026 के तीसरे सप्ताह में आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि बाद में घोषित होगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि एएचपीआई झारखंड चैप्टर राज्य के स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए एक मजबूत और एकीकृत मंच के रूप में कार्य करता रहेगा। संगठन सहयोग को बढ़ावा देने, गुणवत्ता मानकों में सुधार करने तथा पूरे राज्य में बेहतर मरीज देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
