द जन सभा | डेस्क
रांची के कांके इलाके में एक बड़े पेट्रोल पंप संचालक और जमीन कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह, जो अरसंडे के निवासी हैं, का ब्लॉक चौक कांके में पेट्रोल पंप, एक बहुमंजिला मार्केट और एक निर्माणाधीन मॉल है। आशुतोष सिंह के मुताबिक, उनके मोबाइल पर तीन जुलाई की रात को पहली बार कॉल आया, जिसमें 10 दिनों के भीतर दो करोड़ रुपये देने की मांग की गई।

इसके बाद रविवार को भी उन्हें अज्ञात नंबरों से लगातार कॉल आए, और जब उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया, तो उनके व्हाट्सएप पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया। इस मैसेज में कथित तौर पर कुख्यात ‘अमन साव और राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखा हुआ है।
व्हाट्सएप पर भेजे गए इस संदेश में कारोबारी को बेहद आक्रामक लहजे में चेतावनी दी गई है कि अगर एक सप्ताह के भीतर दो करोड़ रुपये की रंगदारी और आगे सुचारू रूप से व्यापार करने के लिए 10 लाख रुपये प्रति माह नहीं दिए गए, तो अंजाम भुगतना होगा।
धमकी देने वालों ने दावा किया है कि उनके पास आशुतोष सिंह के परिवार के सभी सदस्यों की पूरी कुंडली और विवरण मौजूद है, और बात न मानने पर उनकी गाड़ी पर बमबारी व गोलीबारी कर पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इस गंभीर धमकी के बाद पीड़ित कारोबारी ने तत्काल कांके थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कांके पुलिस ने केस दर्ज कर तकनीकी सेल की मदद से रंगदारी मांगने वाले के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
