द जन सभा, डेस्क
समग्र शिक्षा अभियान के तहत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद और प्रखंड संसाधन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विशेष शिविर का आयोजन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित समावेशी शिक्षा संसाधन केंद्र में आयोजित इस शिविर में दिव्यांग बच्चों के बीच सहायक यंत्र और उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, बीडीओ पिंकी प्रियंका हेम्ब्रम और अंचल अधिकारी कमल किशोर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने कहा कि समावेशी शिक्षा का मुख्य उद्देश्य हर दिव्यांग बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, समान और सुलभ शिक्षा देना है। परिषद इन बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने सभी दिव्यांग बच्चों का स्कूलों में शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने इसे हर बच्चे को समान अवसर देने का संकल्प बताया। गौरतलब है कि पूर्व में आयोजित मूल्यांकन शिविर में जाँचे गए 109 दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण दिए गए, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक जीवन आसान हो सकेगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
