द जन सभा
राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध किशोर (नाबालिग) को भी निरुद्ध किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी के भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

बंद घर को बनाया था निशाना
घटनाक्रम के अनुसार, बीते 8 मई को डोरंडा थाना क्षेत्र के वाजपेयी पथ स्थित एक बंद घर में अज्ञात अपराधियों ने ताला तोड़कर करीब 5 लाख रुपये के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद की चोरी की थी। इस संबंध में कांड संख्या 121/26 दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी। हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन अपराधियों को दबोचा।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहम्मद नकीब (सोनार), मोहम्मद सारूफ उर्फ शाहरुख, मोहम्मद सिम्बाज, मोहम्मद जैद, मोहम्मद सैफ उर्फ सैम और मोहम्मद कैफ उर्फ चुस्सू शामिल हैं। इनमें से अधिकतर आरोपी हिंदपीढ़ी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस को मोहम्मद नकीब और मोहम्मद सैफ के मोबाइल से चोरी के गहनों की खरीद-बिक्री से संबंधित चैट भी मिली है, जो इनके खिलाफ बड़े सबूत के तौर पर देखी जा रही है।
लाखों के जेवर और आईफोन बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 21.6 ग्राम सोने के जेवर और करीब 219 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं। बरामद सामानों की कुल कीमत करीब 6.83 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने कुछ जेवर गलाकर बेच भी दिए थे। इसके अलावा, आरोपियों के पास से दो आईफोन-15 सहित कुल छह मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
टीम ने की सराहनीय कार्रवाई
इस सफल छापेमारी दल में डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के साथ डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद, सब-इंस्पेक्टर आजाद अंसारी, रितेश कुमार पाण्डेय, रीना दास समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और पिछली वारदातों में इनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
