कांग्रेस को बड़ा झटका, रश्मि सिंह ने सैकड़ों समर्थकों के साथ थामा भाजपा का दामन

रांची
Share Now

रांची: झारखंड में सियासी हलचल के बीच भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में फुसरो नगर परिषद की कद्दावर कांग्रेस नेत्री सह वार्ड पार्षद रश्मि सिंह ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य मिलन समारोह में अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने रश्मि सिंह और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं को पार्टी का पट्टा पहनाकर विधिवत स्वागत किया।

मोदी की नीतियों पर जताया भरोसा

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारदर्शी और जनकल्याणकारी शासन की स्थापना हुई है। इसी विकासोन्मुख राजनीति से प्रभावित होकर समाज के हर वर्ग के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने रश्मि सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।

महिला सशक्तिकरण भाजपा की प्राथमिकता: आदित्य साहू

आदित्य साहू ने नारी शक्ति के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “भाजपा सदैव महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है। आज महिलाएं केवल विकास की भागीदार नहीं, बल्कि नेतृत्व की अग्रणी शक्ति हैं।” उन्होंने विश्वास जताया कि रश्मि सिंह के जुड़ने से क्षेत्र में पार्टी की पकड़ और अधिक मजबूत होगी।

सैकड़ों ने ली ऑनलाइन सदस्यता

समारोह के दौरान केवल रश्मि सिंह ही नहीं, बल्कि उनके साथ आए सैकड़ों समर्थकों ने भी भाजपा की नीतियों में विश्वास जताते हुए ‘मिस कॉल’ के माध्यम से ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख नामों में विनय सिंह, अनिल सिंह, विजेंद्र कुमार, उर्मिला देवी, शोभा सिंह, सीमा सिंह, निधि सिंह, राजीव रंजन, विक्रम कुमार और श्वेता सिंह सहित दर्जनों गणमान्य लोग शामिल हैं।

दिग्गजों की रही मौजूदगी

इस मिलन समारोह में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह व अशोक बड़ाईक, बोकारो जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राज और अर्चना सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रश्मि सिंह का कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाना आगामी चुनावों के मद्देनजर कोयलांचल क्षेत्र में कांग्रेस के लिए एक बड़ा नुकसान साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *