रांची एयर कार्गो टर्मिनल पर FY26 में 7,992 MT कार्गो संभाला, स्थानीय व्यापार को मिल रही नई रफ्तार
रांची: एयर इंडिया SATS एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (AISATS) ने रांची एयर कार्गो टर्मिनल पर 20,000 मीट्रिक टन (MT) से अधिक कार्गो हैंडलिंग का महत्वपूर्ण माइलस्टोन हासिल किया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में 7,992 MT कार्गो संभाला, जो पिछले वर्ष की तुलना में 99 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 में कार्गो वॉल्यूम में 10 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि का लक्ष्य रखा है।
यह जानकारी रांची में आयोजित AISATS के ट्रेड रोडशो में दी गई, जिसमें झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), एयरलाइंस, फ्रेट फॉरवर्डर्स, कार्गो एजेंट, ट्रेड एसोसिएशन, निर्माता और अन्य उद्योग प्रतिनिधियों सहित करीब 70 हितधारकों ने भाग लिया।
AISATS द्वारा संचालित रांची एयर कार्गो टर्मिनल की वार्षिक हैंडलिंग क्षमता 18,250 MT है। यहां से डॉक्यूमेंट्स, ऑटोमोबाइल पार्ट्स, रेडीमेड गारमेंट्स, ई-कॉमर्स शिपमेंट, घरेलू सामान, फल-सब्जियां, दवाइयां, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की ढुलाई की जाती है। हाल के वर्षों में जल्दी खराब होने वाले उत्पाद (Perishables) और रेडीमेड गारमेंट्स सबसे तेजी से बढ़ने वाले कार्गो सेगमेंट बनकर उभरे हैं।
AISATS के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रामनाथन राजामणि ने कहा कि रांची जैसे क्षेत्रीय एयरपोर्ट भारत के एयर कार्गो नेटवर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फार्मास्युटिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, ई-कॉमर्स और जल्दी खराब होने वाले उत्पादों की बढ़ती आवाजाही झारखंड की बढ़ती व्यापारिक क्षमता का संकेत है। कंपनी एयरलाइन पार्टनर्स, व्यापारिक संगठनों और नियामक संस्थाओं के साथ मिलकर कार्गो इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
AISATS का कहना है कि बेहतर एयर कार्गो सुविधाओं से झारखंड के उद्योगों और कारोबारियों को राष्ट्रीय बाजारों तक तेज और विश्वसनीय पहुंच मिलेगी, जिससे राज्य के व्यापार और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
