महिला उद्यमिता और ग्रामीण कारीगरों को बढ़ावा देने पर जोर, हर शाम होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
रांची: झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) की ओर से पांच दिवसीय जेसोवा दिवाली मेला 2026 का आयोजन 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक किया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमारी ने दी। इस दौरान मेले के पोस्टर और ब्रोशर का विमोचन भी किया गया। मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।
प्रीति कुमारी ने बताया कि जेसोवा वर्ष 2000 से झारखंड में विभिन्न सामाजिक एवं कल्याणकारी कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रही है। संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष दिवाली मेले का आयोजन किया जाता है और मेले से होने वाली आय का उपयोग सामाजिक कार्यों में किया जाता है।
मेले में देश के विभिन्न राज्यों, विशेषकर गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों से उद्यमी हिस्सा लेंगे। मेले में स्वदेशी कपड़ों, जनजातीय व्यंजनों और पारंपरिक कला से जुड़े उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। कोहबर, सोहराय और मधुबनी पेंटिंग से जुड़े स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

इसके अलावा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और झारखंड सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी लगाए जाएंगे। आगंतुकों की सुविधा के लिए मेला परिसर में मोबाइल एटीएम की व्यवस्था की जाएगी।
बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं, हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेले में इंटर-स्कूल ड्राइंग प्रतियोगिता, क्रॉलिंग बेबी प्रतियोगिता, डांस प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, लाइव बैंड प्रतियोगिता और मॉम एंड बेबी शो आयोजित किए जाएंगे। देशभर के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियों से हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
जैसोवा की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेकर उन्हें आधुनिक नर्सरी स्कूल के रूप में विकसित किया गया है। अध्यक्ष प्रीति कुमारी की पहल पर राज्य के विभिन्न जिलों में आधुनिक पुस्तकालय भी विकसित किए जा रहे हैं। रांची के बेड़ो और लापुंग प्रखंड तथा सिमडेगा के हेरिटेज भवन में आधुनिक पुस्तकालय शुरू किए गए हैं।
इन पुस्तकालयों में 5000 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों के अलावा साहित्य, विज्ञान और अन्य विषयों की पुस्तकें, पत्रिकाएं तथा डिजिटल अध्ययन की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। विद्यार्थियों के लिए आधुनिक फर्नीचर, ई-संसाधन, निर्बाध बिजली, शौचालय और सीसीटीवी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
जैसोवा की ओर से महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाते हैं। हाल ही में ओरमांझी में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर में करीब 700 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। लाभार्थियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के साथ नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष अनीता सिंह, सचिव मनु झा, संयुक्त सचिव श्वेता कुमारी और कोषाध्यक्ष शिवानी समेत जैसोवा की अन्य पदाधिकारी मौजूद थीं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
