झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल संतोष गंगवार ने बुधवार यानी कि आज 9 बजकर 45 मिनट पर अपने पद की शपथ ली. राजभवन के बिरसा मंडप में शपथ समारोह का आयोजन किया गया. राजभवन के बिरसा मंडप में झारखण्ड के 12वें राज्यपाल के रुप में संतोष गंगवार ने शपथ ली. उन्हें झारखण्ड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसएन प्रसाद ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभाध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो, तमाम मंत्री एवं पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे. शपथ लेने के पूर्व संतोष गंगवार ने बिरसा मुंडा स्मृति पार्क-सह-संग्रहालय जाकर धरतीआबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए.

बरेली में 8 बार लोकसभा चुनाव जीत चुके संतोष गंगवार
संतोष गंगवार को बरेली में विकास पुरुष कहते हैं. वे बीजेपी से बरेली में 8 बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं. उन्होंने अपना पहला चुनाव वर्ष 1981 मे बरेली लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर लड़ा, जिसमे उनकी हार हुई. जिसके बाद 1984 के आम चुनावो मे भी उनको हार का सामना करना पड़ा. मगर उसके बाद उन्होंने जो रफ़्तार पकड़ी उससे कोई नहीं पकड़ पाया. वह उत्तर प्रदेश के बरेली से 1989 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं. हालांकि 2009 के चुनाव में उन्हे कांग्रेस के प्रवीण सिंह आरोन ने 9 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था. मगर 2014 के चुनाव में उन्होंने एक बार फिर जबरदस्त वापसी करते हुए जीत हासिल की. 2019 में भी वे जीत गए. संतोष गंगवार उत्तर प्रदेश में पार्टी इकाई के कार्य समिति के सदस्य भी रह चुके हैं. उन्होंने 13वीं लोकसभा में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री के साथ-साथ संसदीय कार्य राज्य मंत्री का पदभार भी संभाला है. इसके अलावा वो विज्ञान एवं तकनीकी राज्यमंत्री भी रह चुके हैं. मोदी सरकार में भी टेक्सटाइ और वित्त राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
