द जन सभा | निरंजन
आयरलैंड, इंग्लैंड सीरीज और आगामी एशियन गेम्स के लिए घोषित हुई भारतीय टी20 टीम में 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को चुनकर चयनकर्ताओं ने पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। वैभव ने टीम इंडिया के सीनियर स्क्वाड में जगह बनाते ही ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले महान सचिन तेंदुलकर का दशकों पुराना ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साल 1989 में जब सचिन तेंदुलकर को पहली बार पाकिस्तान दौरे के लिए चुना गया था, तब उनकी उम्र 16 साल 181 दिन थी। लेकिन वैभव ने महज 15 साल की उम्र में भारतीय सीनियर टीम में शामिल होकर भारत के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल कर लिया है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली इस टीम में वैभव के चयन ने युवाओं के लिए सफलता के नए द्वार खोल दिए हैं।

आईपीएल 2026 में मचाया था कोहराम, मिला इनाम
वैभव सूर्यवंशी के इस चमत्कारिक चयन की नींव हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2026 में रखी गई थी, जहां उनके बल्ले ने जमकर आग उगली। पूरे सीजन में विपक्षी गेंदबाजों के छक्के छुड़ाते हुए वैभव ने कुल 776 रन कूट डाले। इस दौरान सबसे ज्यादा हैरान करने वाला उनका स्ट्राइक रेट रहा, जो करीब 236 का था—इसे टी20 लीग के इतिहास में अब तक का सबसे अविश्वसनीय प्रदर्शन माना जा रहा है। अपने इसी धमाकेदार और निरंतर प्रदर्शन के बूते वैभव ने न सिर्फ सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाकर ‘ऑरेंज कैप’ पर कब्जा किया, बल्कि उन्हें पूरे टूर्नामेंट का ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर भी चुना गया। इसी अद्वितीय प्रदर्शन का इनाम अब उन्हें टीम इंडिया की नीली जर्सी के रूप में मिला है, जहां वे एशियन गेम्स और विदेशी दौरों पर भारत का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।
