
The Jan Sabha,ब्यूरो,रांची: रांची पुलिस ने टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में हुए कमलेश कुमार हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या की इस वारदात को अवैध संबंधों के प्रतिशोध में अंजाम दिया गया था। अपराधियों ने न केवल हत्या की, बल्कि साक्ष्य छिपाने के लिए शव को भारी वाहन (हाइवा) से कुचलकर इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की भी नाकाम कोशिश की थी।
अवैध संबंधों के शक में रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों से जुड़ा है। मुख्य आरोपी शिवनाथ कुमार सिंह को अपनी पत्नी अंगिता देवी और मृतक कमलेश कुमार के बीच अवैध संबंधों की जानकारी मिल गई थी। इसी रंजिश के चलते शिवनाथ ने अपनी पत्नी और एक अन्य साथी साहिल राजा के साथ मिलकर कमलेश को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। 3 मई 2026 को इस साजिश को अंजाम दिया गया।
घर में हत्या के बाद सड़क पर फेंका शव
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि कमलेश कुमार की हत्या पहले अंगगड़ा थाना क्षेत्र के हाहे स्थित घर पर की गई। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे एक हाइवा ट्रक पर लादकर टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के मानकीडीपा रिंग रोड के पास ले जाया गया। वहां पुलिस को गुमराह करने और हत्या को ‘एक्सीडेंट’ दिखाने के इरादे से शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया और उसके ऊपर हाइवा का अगला पहिया चढ़ा दिया गया।
विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट से दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी और डीएसपी अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी सेल की मदद से सुराग जुटाए और संदिग्धों पर दबिश दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवनाथ कुमार सिंह (33 वर्ष), उसकी पत्नी अंगिता देवी (28 वर्ष) और वाहन के खलासी साहिल राजा (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
वाहन और मोबाइल बरामद
पुलिस ने इस मामले में वारदात में इस्तेमाल किया गया हाइवा ट्रक (JH02BX-9396), एक स्कूटी (JH01DT-7599) और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शिवनाथ और अंगिता मूल रूप से गुमला जिले के रहने वाले हैं, जबकि साहिल राजा लोहरदगा का निवासी है। पुलिस ने सभी के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
