रांची: राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड ने राज्य में होने वाले नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के लिए आधिकारिक निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के सचिव के हस्ताक्षरित अधिसूचना के अनुसार, निर्वाचन प्रक्रिया जनवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू होकर फरवरी के अंत तक पूरी की जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, संबंधित जिला निर्वाचन पदाधिकारियों द्वारा प्रपत्र-5 में निर्वाचन की सूचना 28 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक अपराह्न 3 बजे तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन पत्रों की जांच 5 फरवरी को की जाएगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 6 फरवरी निर्धारित की गई है। योग्य उम्मीदवारों को 7 फरवरी 2026 को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
राज्य में मतदान 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को प्रातः 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगा। वहीं मतगणना 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
