RIMS NEWS: मंत्री इरफान अंसारी और विधायक सुरेश बैठा ने रिम्स में क्षेत्रीय नेत्र संस्थान और एमआरआई मशीन का उद्घाटन किया

रांची
Share Now

द जन सभा/ निरंजन भारती

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और स्थानीय विधायक सुरेश बैठा ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को फीता काटकर राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान परिसर में नवनिर्मित क्षेत्रीय नेत्र संस्थान और एक अत्याधुनिक नई एमआरआई मशीन का भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान स्वास्थ्य सचिव, रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, दर्जनों वरिष्ठ अधिकारी और नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।

रिम्स में होगा आंखों का विश्वस्तरीय इलाज: स्वास्थ्य मंत्री

​उद्घाटन के बाद मीडिया से संवाद करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा,हमारी सरकार का मुख्य लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। यह क्षेत्रीय नेत्र संस्थान झारखंड के उन गरीब मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जो पैसों के अभाव में अपनी आंखों का इलाज नहीं करा पाते थे। अब रिम्स में ही अत्याधुनिक मशीनों के जरिए मोतियाबिंद से लेकर कॉर्निया ट्रांसप्लांट और रेटिना की गंभीर बीमारियों का मुफ्त और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। हम रिम्स को देश के सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों की सूची में लाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

​ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए यह संस्थान मिल का पत्थर साबित होगा: विधायक सुरेश बैठा

​विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद विधायक सुरेश बैठा ने सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा, ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों से आने वाले मरीजों के लिए रिम्स हमेशा से सबसे बड़ा सहारा रहा है। इस नए और आधुनिक नेत्र संस्थान के खुलने से हमारे क्षेत्र की जनता, खासकर बुजुर्गों, गरीब किसानों, असहायों, महिलाओं को बहुत बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें आंखों की जांच और ऑपरेशन के लिए दूसरे राज्यों में जाकर लाखों खर्च करना पड़ता था या लंबा इंतजार करना पड़ता था। मुझे पूरा भरोसा है कि यह संस्थान डॉक्टरों की बेहतर देखरेख में अपनी एक अलग और विश्वसनीय पहचान बनाएगा।

​आयुष्मान कार्ड धारकों को मुफ्त में MRI की होगी जांच

​नेत्र संस्थान के साथ-साथ रिम्स में नई एमआरआई मशीन की शुरुआत होने से मरीजों को बहुत बड़ी राहत मिली है। इस नई व्यवस्था के तहत अब आम मरीजों को बाजार से बेहद कम और सस्ती दरों पर एमआरआई टेस्ट की सुविधा मिलेगी। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि आयुष्मान भारत योजना के कार्ड धारक मरीजों का एमआरआई टेस्ट पूरी तरह से मुफ्त किया जाएगा। इससे रिम्स में आने वाले हजारों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को महंगे टेस्ट के खर्च से सीधे तौर पर मुक्ति मिलेगी।

​रिम्स में गंदगी और तकनीकी खामियां देख आग बबूला हुए स्वास्थ्य मंत्री, मौके पर ही लगाई क्लास

​उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अस्पताल का निरीक्षण करते समय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी वहां फैली गंदगी और कुछ तकनीकी खामियों को देख बेहद नाराज हो गए। व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर ही मौजूद संबंधित अधिकारियों की जमकर क्लास लगा दी। उन्होंने बेहद सख्त लहजे में हिदायत देते हुए कहा, हमारी सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कोताही या गलती बर्दाश्त नहीं करेगी। लापरवाही किसी भी सूरत में मंजूर नहीं है। अगर भविष्य में ऐसी तस्वीरें दोबारा दिखीं, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गरीबों के इलाज के लिए रात-दिन चिंतन कर रही है अबुआ सरकार:डॉ. इरफान अंसारी

​अधिकारियों को चेतावनी देने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने साफ शब्दों में सरकार का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा, हम जनता को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं देने आए हैं। राज्य के गरीबों की जेब से इलाज के नाम पर एक भी पैसा बेवजह खर्च न हो, इसके लिए हमारी अबुआ सरकार रात-दिन चिंतन और मंथन कर रही है। व्यवस्था को दुरुस्त रखना अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हर खामी को दूर कर रिम्स को बनाएंगे देश का शीर्ष संस्थान: निदेशक

​रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा ने कड़े संकल्प के साथ अपनी बात रखी। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के कड़े रुख का स्वागत करते हुए कहा,क्षेत्रीय नेत्र संस्थान और अत्याधुनिक एमआरआई मशीन की शुरुआत रिम्स के इतिहास में एक मील का पत्थर है, लेकिन बड़ी सुविधाओं के साथ हमारी जिम्मेदारी भी दोगुनी हो जाती है। मंत्री जी ने निरीक्षण के दौरान जिन व्यवस्थागत खामियों और स्वच्छता की कमी की ओर हमारा ध्यान आकर्षित किया है, उसे हम एक चुनौती के रूप में लेते हैं। मैं पूरे प्रबंधन की ओर से आश्वस्त करता हूं कि रिम्स परिसर में लापरवाही और गंदगी की कोई जगह नहीं होगी, आने वाले समय में सभी तकनीकी और प्रशासनिक कमियों को दुरुस्त कर लिया जाएगा। हमारी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और अत्याधुनिक संसाधन अब राज्य के हर गरीब मरीज को समय पर, पारदर्शी और गरिमापूर्ण इलाज देने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं, और हम जल्द ही रिम्स को देश के शीर्ष चिकित्सा केंद्रों की कतार में खड़ा करेंगे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *