Ranchi police: तमाड़ से 15 ग्राम ब्राउन शुगर और ₹1.70 लाख नक़दी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए जेल

रांची
Share Now

तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीले पदार्थ ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 15 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजा शिव दत्त मलिक उर्फ राजा और आसिफ खान के रूप में हुई है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक को एक गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में कुछ तस्करों द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए फौरन ग्रामीण पुलिस अधीक्षक और बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के दिशा-निर्देशन में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने किया।

​जब छापेमारी दल बंगाली टोला स्थित मुख्य आरोपी राजा शिव दत्त मलिक के घर पहुंचा, तो वहां पुलिस बल को देखकर एक युवक संदिग्ध हालत में भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया, जिसने अपना नाम आसिफ खान बताया। एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से करीब 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसके बाद उसने कुबूल किया कि उसने यह नशा राजा शिव दत्त से खरीदा था।

​आसिफ के बयान के बाद पुलिस टीम ने राजा शिव दत्त मलिक के घर की विधिवत तलाशी ली। इस तलाशी के दौरान घर के अंदर से 12 ग्राम अतिरिक्त ब्राउन शुगर, नशीले पदार्थ को तौलने वाली दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें, एक कीपैड मोबाइल और तस्करी की कमाई के कुल 1,70,000 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामानों के संबंध में जब आरोपी कोई वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर सके, तो पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *