रामगढ़ और हजारीबाग जिले के यात्रियों के लिए चैम्बर ने रेलमंत्री को किया पत्राचार
रांची: हजारीबाग टाउन और रामगढ जिलेवासियों की सुविधा के लिए आज झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने रेलमंत्री को पत्राचार कर नई आरंभ हुई ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (बोकारो) तथा आरंभ होनेवाली ट्रेन पुरी दर्शन नगर (अयोध्या) एक्सप्रेस (साप्ताहिक) को बरकाकाना (रामगढ़), हजारीबाग टाउन होते हुए कोडरमा में मिलाये जाने की मांग की। चैंबर महासचिव परेश गट्टानी ने कहा कि रामगढ़, हजारीबाग झारखण्ड का एक महत्वपूर्ण शहर है किंतु लंबी दूरी की रेल सुविधा से अभी तक वंचित है। इस महत्वपूर्ण ट्रेन का मार्ग परिवर्तित कर परिचालित करने से हजारीबाग, रामगढ़ की जनता को इसका अत्यधिक लाभ मिलेगा। जिस प्रकार ओड़िसा के गरीब और पिछड़े क्योंझर जिले को नई दिल्ली की ट्रेन मिली, उसी प्रकार झारखंड के अति पिछड़े जिले हजारीबाग, रामगढ़ को भी नई दिल्ली के साथ साथ पुरी, भुवनेश्वर और कानपुर जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी ट्रेन मिल जाएगी तो पूरे छोटानागपुर प्रमंडल का भला हो जाएगा।
चैंबर के रेलवे उप समिति चेयरमेन नवजोत अलंग ने कहा कि जिस प्रकार ओड़िसा के गरीब और पिछड़े क्योंझर जिले को अयोध्या की ट्रेन मिली, उसी प्रकार झारखंड के अति पिछड़े जिले हजारीबाग, रामगढ़ को भी अयोध्या के साथ साथ पुरी, भुवनेश्वर और वाराणसी जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी ट्रेन मिलना आवश्यक है। नई आरंभ होनेवाली ट्रेन पुरी दर्शन नगर एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन करने से हजारीबाग, रामगढ़ की जनता के लिए अयोध्या में भव्य राम मंदिर, पुरी में जगन्नाथ स्वामी और वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन हेतु सप्ताह में एक दिन ट्रेन की आसान उपलब्धता सुनिश्चित हो पायेगी।
अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि रांची से बरकाकाना होते हुए कोडरमा की रेल लाइन करोडों रू0 की लागत से बनी जिससे रामगढ और हजारीबाग के लोगों में लंबी दूरी की ट्रेन मिलने की आशा बनी है। जरुरी है कि जिले के यात्रियों की सुविधा हेतु दोनों ही ट्रेन का परिचालन बरकाकाना (रामगढ़), हजारीबाग टाउन होते हुए कोडरमा में मिलाये जाने की पहल की जाय। ऐसा करने से समय-सारणी में भी अधिक बदलाव करने की आवश्यकता नहीं है। मुरी से बोकारो के रास्ते कोडरमा तक की दूरी 179 कि.मी की है और हजारीबाग, बरकाकाना के रास्ते यह दूरी 195 कि.मी की है, स्पष्टतः इस दूरी में मामूली अंतर की आवश्यकता है।
यात्रियों की सुविधा से जुडे इस मुद्दे पर आज चैंबर भवन में एक बैठक हुई। बैठक में अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष राहुल साबू, महासचिव परेश गट्टानी, कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार, चैंबर के रेलवे उप समिति चेयरमेन नवजोत अलंग, जेडआरयूसीसी सदस्य अरूण जोशी समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
