रांची: फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के नये सत्र 2024-25 का चुनाव रविवार, 22 सितंबर 2024 को गुरूनानक स्कूल सभागार, रांची में होगा। मतदान सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। उम्मीदवार नौ सितंबर को कार्यालय अवधि के दौरान से 10 सितंबर को शाम चार बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। नामांकन वापसी की तिथि 12 सितंबर को शाम चार बजे तक निर्धारित है। नामांकन वापसी के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूचि का प्रकाशन किया जायेगा।
चुनाव संबंधित तैयारियों को लेकर शुक्रवार को चैंबर भवन में चुनाव कमिटी की बैठक हुई। चुनाव पदाधिकारी ललित केडिया ने कहा कि कंपनी लॉ के नियमानुसार उम्मीदवारों को नामांकन प्रपत्र के साथ डिन नंबर देना अनिवार्य है। नामांकन के साथ डिन नंबर नहीं होने की स्थिति में आवेदन रद्द कर दिया जायेगा। इस बार डिन जमा करने के लिए उम्मीदवारों को कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जायेगा। इसलिए जिन सदस्यों को चुनाव में अपनी भागीदारी देनी है, उनके पास डिन नंबर हो, यह जरूर सुनिश्चित कर लें। उन्होंने यह भी कहा कि 20 सितंबर तक उम्मीदवार अपना चुनावी प्रचार-प्रसार कर सकते हैं। 20 सितंबर की रात 10 बजे के बाद किसी भी तरह का प्रचार प्रसार पूरी तरह वर्जित रहेगा।
चुनाव के को-चेयरमेन अंचल किंगर ने अवगत कराया कि इस चुनाव में कुल 3909 मतदाता मतदान प्रक्रिया में शामिल होंगे। चैंबर की सदस्यता सूचि के अनुसार 3656 लाईफ मेंबर, 156 जेनरल मेंबर, 83 सम्बद्ध संस्थाएं, 11 कॉरपोरेट मेंबर और 3 पैट्रोन सदस्य हैं। जेनरल, कॉरपोरेट और सम्बद्ध संस्थाओं से यह अपील की गई कि वे चुनाव से पूर्व सदस्यता शुल्क का ड्यूज यदि बकाया है, तो उसका भुगतान कर लें। ड्यूज बकाया होने की स्थिति में मतदान से वंचित किया जा सकता है। प्रत्येक सदस्य को एक वोट करने का अधिकार है। केवल सम्बद्ध संस्थाओं को ही दो वोट देने का अधिकार है।
वार्ता के क्रम में चुनाव समिति द्वारा सदस्यों से मतदान स्थल गुरूनानक स्कूल परिसर में साफ-सफाई में विशेष सहयोग करने और किसी भी तरह के नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील की गई।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
