रांची: झारखंड प्रदेश शौंडिक संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष ने रविवार को स्थानीय होटल में आयोजित समारोह में आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। समारोह में संघ के वरिष्ठ संरक्षक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का स्वागत महासचिव विद्याधर प्रसाद ने किया। उन्होंने संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं एवं सामाजिक अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।
अध्यक्ष ने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता एवं संवैधानिक अधिकारों को लेकर व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की। साथ ही समाज में व्याप्त अंधविश्वास एवं कुरीतियों को समाप्त करने के लिए युवाओं को संगठित कर विशेष जागरूकता अभियान शुरू करने की बात कही।
मुख्य संरक्षक उदय शंकर प्रसाद ने छात्रवृत्ति योजना एवं गरीब कन्याओं के विवाह सहायता कार्यक्रम को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 को आयोजित कार्यकारिणी बैठक में लिए गए निर्णय के तहत भीषण गर्मी को देखते हुए रांची शहर के छह प्रमुख स्थानों पर जनहित में प्याऊ की व्यवस्था की गई है। इस सेवा कार्य में उदय साहू का विशेष मार्गदर्शन रहा, जबकि स्टील ग्लास रमेश साहू द्वारा उपलब्ध कराए गए।
संघ की ओर से बताया गया कि सांसद प्रदीप कुमार वर्मा के सहयोग से समाज के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। वहीं रमेश साहू के नेतृत्व में जल्द ही एक विशाल चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा।
सामाजिक एकता के मुद्दे पर पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि 3 मई 2026 को लोहरदगा में मुख्य संरक्षक उदय शंकर प्रसाद की अध्यक्षता में सूड़ी-शौंडिक वैश्य समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से ऐतिहासिक बैठक आयोजित की गई थी। संघ ने इस अभियान को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
वरिष्ठ सदस्य अरुण देव कुमार ने समाजहित एवं जनकल्याण के लिए शीघ्र विशेष सत्संग आयोजित करने की घोषणा की। वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिसकर्मियों को संघ की ओर से इंसुलेटेड स्टील वाटर फ्लास्क वितरित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम रांची के फिरायालाल चौक (अल्बर्ट एक्का चौक) में आयोजित होगा।
समारोह के दौरान झारखंड प्रदेश शौंडिक संघ की निर्देशिका के आवरण पृष्ठ का भी अनावरण किया गया। कार्यक्रम में दिलीप गुप्ता, अरुण गुप्ता, कुमुद प्रसाद साहु, दिनेश प्रसाद साहु, विद्याधर प्रसाद, सुनील साहू, रमेश साहू, रूपेश साहू, अरुण देव कुमार, निशांत गुप्ता, कुणाल शाह, विरेन्द्र साहू एवं उदय साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
