सांसद मनीष जायसवाल केरेडारी के शांकेश्वरी माता धाम पहुंचे, महायज्ञ की पूर्णाहुति में हुए शामिल

अभी अभी जन सभा विशेष
Share Now

द जन सभा  |  हजारीबाग | आशीष साव

ड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पचड़ा सिझुवा में आयोजित पांच दिवसीय श्री श्री 1008 श्री शतचंडी महायज्ञ और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की पूर्णाहुति के अवसर पर शनिवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने यज्ञ मंडप और शांकेश्वरी माता धाम में मां शांकेश्वरी और बजरंगबली की प्राचीन प्रतिमा के समक्ष माथा टेककर क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान यज्ञ समिति और ग्रामीणों द्वारा सांसद मनीष जायसवाल सहित अन्य अतिथियों का भगवा पगड़ी, फूल-माला और शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर स्थानीय मुखिया महेश साव ने ग्रामीणों की ओर से सांसद के समक्ष मंदिर निर्माण में सहयोग की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए चंद्रगुप्त कोल परियोजना में स्थानीय लोगों को रोजगार, उचित मुआवजा और डीएमएफटी (DMFT) फंड से विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की मांग रखी।

वहां उपस्थित बड़ी संख्या में जनसमुदाय को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा, “यज्ञ का सबसे बड़ा प्रसाद ‘सुविचार’ होता है, जो हमें सात्विक विचारधारा की ओर प्रेरित करता है और जिससे पूरे क्षेत्र में सुख-शांति आती है।” उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की सभी आधारभूत समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर हैं।

सांसद ने स्थानीय मुद्दों पर गंभीरता दिखाते हुए कहा कि चंद्रगुप्त कोल परियोजना सहित आसपास की अन्य कंपनियों द्वारा स्थानीय लोगों को उचित सुविधा, मुआवजा और रोजगार मिले, इसके लिए एक विशेष रणनीति बनाकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में वे पूरी तरह से जनता के साथ खड़े हैं। इसके साथ ही उन्होंने पचड़ा गांव के मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण के लिए जल्द से जल्द टाइल्स उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

इससे पहले, केरेडारी आने के मार्ग में बड़कागांव और केरेडारी के विभिन्न मोड़ों पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सांसद मनीष जायसवाल का फूल-माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंटकर और गगनभेदी नारों के साथ अभूतपूर्व स्वागत किया। इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में यज्ञाचार्य पंडित शक्ति शास्त्री, आचार्य पंडित कुंदन शास्त्री, मुख्य पुजारी रामचंद्र साव और प्रवचनकर्ता साध्वी अंजली गोस्वामी ने मुख्य भूमिका निभाई। यज्ञ समिति के अध्यक्ष दशरथ कुमार, सचिव संतोष साव व कोषाध्यक्ष दीपक कुमार भी व्यवस्था में मुस्तैद रहे।

इस अवसर पर सांसद के साथ मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह, अजय साहू, पूनम साहू, भाजपा नेता अनिल मिश्रा, महेंद्र सिंह, मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, उमेश दांगी, मंडल अध्यक्ष शिबू मेहता, मनीष पांडेय, मुखिया महेश साव, प्रकाश गुप्ता, नारायण साव, नकुल साव, राजेंद्र कुमार, बहादुर राम, सुनील ठाकुर, रूपन गंझू, राजू महतो, अशोक साव, संदीप यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *