Minister Shilpi Neha Tirkey News: स्वास्थ्य सेवाओं में मील का पत्थर साबित होगा नया ब्लड बैंक: शिल्पी नेहा तिर्की

अभी अभी जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

The Jan Sabha मांडर संवाददाता / रांची: झारखंड की कृषि एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बुधवार को मांडर स्थित कॉन्सटेंट लीवेंस अस्पताल में अत्याधुनिक ब्लड बैंक और एक भव्य ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह सुविधाएं न केवल अस्पताल के लिए बल्कि पूरे मांडर क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हैं।

मंत्री ने अपने संबोधन में स्वर्गीय कार्डिनल तेलेस्फोर पी. टोप्पो को याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कार्डिनल टोप्पो का विजन क्षेत्र के गरीबों को बेहतर इलाज मुहैया कराना था, जो आज साकार होता दिख रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस प्रतिबद्धता से अस्पताल का प्रबंधन कार्य कर रहा है, वह दिन दूर नहीं जब यह संस्थान एक पूर्ण मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित होगा।

संस्थान के विकास में नेतृत्व की भूमिका को रेखांकित करते हुए श्रीमती तिर्की ने डायरेक्टर फादर जॉर्ज के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि चेयरमैन बिशप आनंद जोजो और बिशप तेलेस्फ़ोर बिलुंग का दूरदर्शी मार्गदर्शन इस संस्थान को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। सरकार और प्रशासन की ओर से उन्होंने संस्थान को भविष्य में भी हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।

अस्पताल में नवनिर्मित ऑडिटोरियम की भव्यता की चर्चा करते हुए मंत्री ने इसे सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक जरूरी केंद्र बताया। वहीं, ब्लड बैंक की स्थापना को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि अब गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को खून की जरूरत के लिए शहर की ओर नहीं भागना पड़ेगा। उन्होंने स्थानीय जनता से नियमित रक्तदान कर इस नेक काम में भागीदार बनने की अपील की।

इस उद्घाटन समारोह के दौरान कैथोलिक समुदाय के कई दिग्गज धर्मगुरु भी उपस्थित रहे। इनमें हैदराबाद के आर्चबिशप कार्डिनल एंथनी पुल्ला, नई दिल्ली के आर्चबिशप व सीबीसीआई महासचिव अनिल कुटो, हजारीबाग के बिशप आनंद जोजो, आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो और पटना के आर्चबिशप सेबेस्टियन मुख्य थे।

इस अवसर पर सिस्टर पुषा, शमीम अख्तर, सेरोफिना मिंज, आबिद अंसारी और सरिता तिग्गा समेत भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग और अस्पताल कर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *