
द जन सभा, डेस्क | टंडवा चतरा
चतरा उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार को टंडवा अंचल में सड़क सुरक्षा, सड़क मरम्मत और सड़कों को गड्ढामुक्त करने को लेकर बैठक आयोजित की गई। अंचल अधिकारी गौरव रॉय की अध्यक्षता में हुई बैठक में एनटीपीसी, आम्रपाली, पांडु, पगार, चंद्रगुप्त और मगध समेत क्षेत्र में कोयला खनन से जुड़ी कंपनियों तथा विभिन्न ट्रांसपोर्टरों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में खनन क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली सड़कों की स्थिति और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। बरसात के दौरान सड़कों पर बने गड्ढों को तत्काल भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि खनन एवं परिवहन गतिविधियों के कारण सड़क पर बढ़ते दबाव को देखते हुए नियमित रखरखाव जरूरी है।
अंचल अधिकारी गौरव रॉय ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कंपनियों और ट्रांसपोर्टरों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत और रखरखाव में लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा बरसात के दिनों में गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए। प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही। अंचल अधिकारी गौरव रॉय ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि खनन कंपनियों और ट्रांसपोर्टरों की भी समान जिम्मेदारी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
