व्यापारियों और उद्यमियों ने गिनाई समस्याएं
रांची: राज्यस्तरीय दौरे के क्रम में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज द्वारा पलामू प्रमंडल के जिलों नगरउंटारी (गढवा) और डाल्टनगंज का दौरा कर जिले के व्यापारियों और उद्यमियों के साथ बैठक की गई। पलामू प्रमंडल के इस दो दिवसीय दौरे के क्रम में चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी के नेतृत्व में 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की पहली बैठक नगरउंटारी में श्री बंशीधरनगर चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों के साथ हुई। लगभग 200 व्यापारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई इस बैठक में स्थानीय मुद्दों पर विमर्श किया गया। जिले के व्यापारियों की भावना को देखते हुए चैंबर अध्यक्ष ने देवघर की भांति नगरउंटारी को देवनगरी की तर्ज पर विकसित करने की मांग राज्य सरकार से की। यह कहा कि श्री बंशीधर मंदिर और राजा पहाडी मंदिर की विशेषता के कारण पलामू प्रमंडल की यह सांस्कृतिक राजधानी है। उन्होंने व्यापारियों को यह भरोसा दिलाया कि पर्यटन विभाग से समन्वय बनाकर कार्रवाई का प्रयास किया जायेगा। इस मार्ग से परिचालित राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव नगरउंटारी में करने की आवश्यकता बताते हुए व्यापारियों ने विधि-व्यवस्था की वर्तमान में उत्पन्न समस्या से भी चैंबर को अवगत कराया और मामले में हस्तक्षेप की मांग की। विदित हो कि नगरउंटारी आगमन के दौरान चैंबर के पदाधिकारियों ने श्री बशीधर मंदिर के दर्शन भी किये और जिलेवासियों के लिए मंगलकामनाएं की।
डाल्टनगंज में झारखण्ड चैंबर के कार्यकारिणी समिति की बैठक
रांची: फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के वर्तमान सत्र के कार्यकारिणी समिति की तीसरी बैठक डाल्टनगंज में संपन्न हुई। पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स के आतिथ्य में इस बैठक का आयोजन किया गया था जिसमें सांसद बीडी राम और जिले के लगभग 150 से अधिक व्यापारी शामिल थे। खासमहल की समस्या से जिले के विकास में हो रही कठिनाई, शहर से बाहर नये इंडस्ट्रीयल एरिया स्थापित करने की आवश्यकता, डाल्टनगंज शहर के विकास हेतु जिले में टाउन प्लानर की पदस्थापना से जुद्दे मुद्दों पर विमर्श किया गया। जिले में ड्रग तस्करों की सक्रियता से विधि-व्यवस्था की होनेवाली समस्या पर व्यापारियों ने चिंता जताई।
यह भी कहा गया कि जिले के विकास हेतु केंद्र सरकार द्वारा भवनाथपुर में इंटीग्रेटेड मैनुफैक्चरिंग कलस्टर के स्थापना का निर्णय लिया गया है। सरकार को इस दिशा में पहल करनी चाहिए। सकारात्मक रूप से हुई इस बैठक में केंद्र सरकार द्वारा जिले के विकास से जुड़े मुद्दों और उनकी भावी कार्ययोजना से सांसद बीडी राम ने व्यापारियों को अवगत कराया। जिले के व्यापारियों द्वारा बताई गई समस्याओं पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए चैबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने विभागीय स्तर पर वार्ता के लिए आश्वस्त किया।
डाल्टनगंज में एक अतिरिक्त इंडस्ट्रीयल एरिया की स्थापना
यह भी अवगत कराया कि फेडरेशन के निरतर प्रयासों से डाल्टनगंज में एक अतिरिक्त इंडस्ट्रीयल एरिया की स्थापना हेतु जियाडा द्वारा उपायुक्त पलामू को भूमि चिन्हित का आग्रह जारी कर दिया गया है। जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई होने की संभावना है। राज्य में भवन नियमितीकरण योजना को जल्द प्रभावी करने की दिशा में नगर विकास मंत्री के द्वारा किये जानेवाले प्रयास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे सरकार को करोड़ों रूपये राजस्व की प्राप्ति तो होगी ही, राज्यवासियों की वर्षों से बनी हुई समस्या का समाधान भी संभव होगा।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, उपाध्यक्ष ज्योति कुमारी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव विकास विजयवर्गीय, नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष उदयशंकर दुबे, संजय अग्रवाल, रमेश कुमार, कार्यकारिणी सदस्य राम बांगड, डॉ अभिषेक रामाधीन, रोहित पोद्दार, प्रवीण लोहिया, साहित्य पवन, संजय अखौरी, मुकेश अग्रवाल के अलावा पलामू चेबर के अध्यक्ष आनंद शंकर, लातेहार चैम्बर के अध्यक्ष सुशिल अग्रवाल,उप समिति चेयरमैन सुरेश अग्रवाल, दीपक मुरारका, तेज्विंदर सिंह, अन्य पदाधिकारी एवं पलामू चेंबर के सैकडों सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी प्रवक्ता सुनिल सरावगी ने दी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
