Lathi Khel Ranchi : कांके में लाठी खेल प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाए हैरतअंगेज़ करतब

अभी अभी जन सभा विशेष झारखंड स्पेशल स्टोरी
Share Now

द जन सभा | डेस्क

कांके प्रखंड के चूड़ी टोला स्थित जतरा मैदान में रविवार को पारंपरिक लाठी खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया. चूड़ी टोला कमेटी की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से आए लाठी उस्तादों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर अपनी कला और हैरत अंगेज़ करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शक दंग रह गए. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक सुरेश बैठा, झामुमो केंद्रीय सदस्य समनूर अंसारी, प्रमुख सोमनाथ मुंडा, मुख्य संरक्षक मुख्तार अहमद, जिला परिषद सदस्य किरण देवी, संजर खान, जमील अख्तर, अजीजुल अंसारी और केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस प्रतियोगिता में रांची, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, डोरंडा, ओरमांझी और पिठौरिया समेत कई क्षेत्रों से आई टीमों ने हिस्सा लिया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और विधायक सुरेश बैठा ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि लाठी खेल हमारी समृद्ध संस्कृति और विरासत का अभिन्न अंग है. उन्होंने आज के दौर में युवाओं से मोबाइल से दूरी बनाकर खेलों से जुड़ने की अपील की और कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारा और एकता मजबूत होती है. प्रतियोगिता को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा विजेता और उपविजेता टीमों व खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. इस सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष सरफराज अख्तर, मुख्य संरक्षक मुख्तार अहमद और मिन्हाज अली सहित चूड़ी टोला कमेटी के दर्जनों सदस्यों की प्रमुख भूमिका रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *