द जन सभा | डेस्क
कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटु में जमीन विवाद के दौरान हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में कांके थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है । सुकुरहुटु निवासी सेराज अंसारी द्वारा कांके थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, वे अपनी पुश्तैनी जमीन पर कार्य करा रहे थे। इसी दौरान महताब अंसारी, रफीक अंसारी, साजिला खातून एवं आफताब वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नियत से गोलीबारी की, जिसमें शिकायतकर्ता बाल-बाल बच गए।

पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर कांके थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 109(1), 352, 74, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। अनुसंधान का जिम्मा सहायक उप-निरीक्षक देवेंद्रा राम को सौंपा गया। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देशानुसार गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने रविवार को पश्चिम बंगाल के मंदारमनी स्थित एक निजी रिसॉर्ट में छापेमारी कर मुख्य आरोपी महताब अंसारी को धर दबोचा। कानूनी प्रक्रियाओं के उपरांत आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए कांके थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने बताया, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना में संलिप्त अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
