कांके थाना का अपराध के खिलाफ बड़ा कदम! बनाया ‘टीम कांके लॉ एंड ऑर्डर’ सूचना ग्रुप

अभी अभी जन सभा विशेष
Share Now

रांची (कांके): कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस-जनता के बीच पारदर्शी संवाद स्थापित करने की दिशा में कांके थाना ने एक अहम पहल की है। ‘टीम कांके लॉ एंड ऑर्डर’ नामक आधिकारिक सूचना ग्रुप बनाकर पुलिस ने अब क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण जानकारी सीधे आम लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की है।


यह ग्रुप कांके थाना का अधिकृत सूचना केंद्र होगा, जहां से केवल प्रमाणित और विश्वसनीय जानकारियां साझा की जाएंगी। इसके माध्यम से सुरक्षा नियम, जन-सुरक्षा के निर्देश और प्रशासनिक बदलावों की सूचनाएं नियमित रूप से जारी होंगी। खास बात यह है कि ग्रुप में जुड़े मीडिया कर्मी इन सूचनाओं को तेजी से आम जनता तक पहुंचाकर एक प्रभावी ‘मल्टीप्लायर’ की भूमिका निभाएंगे।


पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पहल से गश्ती के नए रूट, वेरिफिकेशन अभियान और ट्रैफिक डायवर्जन जैसी जानकारियां समय पर लोगों तक पहुंचेंगी, जिससे आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी और पुलिस के साथ बेहतर तालमेल स्थापित होगा। साथ ही, चोरी और साइबर ठगी जैसे बढ़ते अपराधों को लेकर लोगों को समय-समय पर सतर्क किया जाएगा, ताकि वे पहले से जागरूक रह सकें।


थाना प्रभारी साक्षी जमुआर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच सीधा, भरोसेमंद और पारदर्शी संवाद कायम करना है। उन्होंने कहा, आज के दौर में सही और त्वरित जानकारी बेहद जरूरी है, ताकि अफवाहों पर रोक लगाई जा सके और लोग सुरक्षित महसूस करें। इस प्लेटफॉर्म के जरिए हम सभी महत्वपूर्ण और प्रमाणित सूचनाएं साझा करेंगे, जिससे जनता तक सटीक जानकारी पहुंचे।


उन्होंने आगे कहा कि मीडिया इस पहल की मजबूत कड़ी है, जो सूचनाओं को व्यापक स्तर पर प्रसारित कर जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। हमारा लक्ष्य अपराध पर नियंत्रण, जनता को जागरूक करना और पुलिस-प्रशासन व नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। कांके थाना क्षेत्र को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना हमारी प्राथमिकता है, उन्होंने जोड़ा।

वहीं कांके थाना के इस पहल को सामाजिक अगुआओं और बुद्धिजीवियों ने एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल बताया है। उनका कहना है कि इससे पुलिस और जनता के बीच संवाद और विश्वास दोनों मजबूत होंगे।

उप- प्रमुख अंजय बैठा ने कहा कि आज के समय में अफवाहें और गलत जानकारी तेजी से फैलती हैं, ऐसे में एक आधिकारिक सूचना प्लेटफॉर्म का होना बेहद जरूरी है। यह ग्रुप सही और प्रमाणित जानकारी का केंद्र बनेगा, जिससे लोगों को समय पर सही दिशा-निर्देश मिल सकेंगे ।


उन्होंने आगे कहा कि मीडिया की भागीदारी इस पहल को और प्रभावी बनाएगी। मीडिया कर्मी इस ग्रुप से मिली सूचनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएंगे, जिससे प्रशासनिक योजनाओं और सुरक्षा निर्देशों का लाभ सीधे आम लोगों को मिलेगा।


उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से न केवल अपराध पर नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि आम नागरिकों में जागरूकता भी बढ़ेगी और पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होगी। यह कदम एक सुरक्षित, सजग और संगठित समाज की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *