कांके थाना प्रभारी साक्षी जमुवार को महावीर मंडल व अंजुमन ने किया सम्मानित, शांति व्यवस्था के लिए जताया आभार

अभी अभी जन सभा विशेष
Share Now

रामजन्मोत्सव एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सुकुरहुट्टू में सामाजिक समन्वय और पुलिस-प्रशासन की भूमिका की सराहना की गई। इस अवसर पर श्री श्री महावीर मंडल केंद्रीय पूजा समिति डोल मेला सुकुरहुट्टू एवं सुकुरहुट्टू अंजुमन की ओर से कांके थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुवार को सम्मानित कर आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राजकुमार महतो ने कहा कि रामनवमी जैसे बड़े पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी के सहयोग से ही संभव हो पाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन, विशेषकर थाना प्रभारी साक्षी जमुवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने आगे अपील की कि भविष्य में भी सभी लोग आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व-त्योहार मनाएं।

वहीं थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुवार ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह से बचें और प्रशासन का सहयोग करें।

मौके पर मौजूद सुकुरहुट्टू अंजुमन के सदर अज़ीज़ अंसारी ने कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों ने मिलकर जिस तरह इस पर्व को शांतिपूर्वक मनाया, वह पूरे क्षेत्र के लिए एक मिसाल है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि इसी तरह मिल-जुलकर हर त्योहार को भाईचारे के साथ मनाते रहें।

सम्मानित करने वालों में समिति के अध्यक्ष राजकुमार महतो, प्रभात भूषण, बेनी राम महतो, आकाश महतो, पुरुषोत्तम दास गोस्वामी, अमित कुमार, शिव कुमार संतोषी तथा सुकुरहुट्टू अंजुमन के सदर अज़ीज़ अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *