The Jan Sabha संवाददाता, कांके/ रांची: थाना क्षेत्र अंतर्गत अरसंडे में एक महिला से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया

पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर आरोपी जमील अख्तर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 एवं 75(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। दर्ज FIR संख्या 99/2026 के अनुसार पीड़िता ने बताया कि उन्होंने जियो फाइबर कनेक्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। 13 मई को जब वह घर में अकेली थी, तभी इंस्टॉलेशन करने जमील अख्तर उनके घर पहुंचा।
पीड़िता ने बताया कि काम के दौरान जब राउटर लेने कमरे के अंदर गई, तभी आरोपी भी पीछे से कमरे में घुस गया और उसके साथ जबरदस्ती तथा छेड़छाड़ का प्रयास करने लगा। घटना के दौरान महिला ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी का विरोध किया और उसे धक्का देकर खुद को बचाया।

इसके बाद वह एक सुरक्षित कमरे में बंद हो गई तथा शोर मचाते हुए परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। शोर सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक साक्षी जमुआर के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
केस के अनुसंधान पदाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि महिला के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
