रांची: जियो ने अपने ग्राहकों के लिए बड़ा ऑफर पेश किया है। कंपनी ने Canva के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत पात्र जियो यूजर्स को 12 महीने तक Canva Pro या Canva Pro Lite मुफ्त मिलेगा। कंपनी के अनुसार इस ऑफर की कीमत ₹4,000 तक है। ऑफर 16 सितंबर से शुरू होगा और इसे MyJio ऐप के जरिए एक्टिव किया जा सकेगा।
जियो के ₹399 वाले प्लान पर ग्राहकों को Canva Pro मिलेगा। वहीं ₹349 और उससे ऊपर के चुनिंदा 2GB प्रतिदिन डेटा वाले प्लान पर Canva Pro Lite उपलब्ध होगा। इसके लिए ग्राहकों को कोई अतिरिक्त शुल्क या छिपा हुआ चार्ज नहीं देना होगा।
इस ऑफर का फायदा छात्रों, कंटेंट क्रिएटर्स, प्रोफेशनल्स और छोटे कारोबारियों को मिल सकता है। Canva के जरिए मोबाइल से सोशल मीडिया पोस्ट, प्रेजेंटेशन, स्कूल प्रोजेक्ट, मार्केटिंग सामग्री और त्योहारों की ग्रीटिंग समेत कई तरह के डिजाइन तैयार किए जा सकेंगे। हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं में भी कंटेंट बनाया जा सकता है।
Canva Pro Lite में लाखों प्रीमियम टेम्पलेट, फोटो, वीडियो और फॉन्ट के साथ बैकग्राउंड रिमूवर, Magic Resize और 50GB क्लाउड स्टोरेज जैसे फीचर मिलेंगे। वहीं Canva Pro में इसके अलावा Canva AI, Content Planner, अधिक AI लिमिट और 100GB क्लाउड स्टोरेज जैसे अतिरिक्त फीचर उपलब्ध होंगे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रेसिडेंट किरण थॉमस ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य लाखों भारतीयों तक AI आधारित डिजाइन टूल्स मुफ्त पहुंचाना है, जिससे छात्र, क्रिएटर्स और छोटे कारोबारी अपनी पसंद की भाषा में सीखने और काम करने में सक्षम हो सकें।
पात्र जियो यूजर को MyJio ऐप खोलना होगा। यहां Canva ऑफर पर टैप करने के बाद दिए गए निर्देशों का पालन कर ऑफर एक्टिव किया जा सकेगा। इसके बाद यूजर Canva के प्रीमियम डिजाइन फीचर्स का इस्तेमाल शुरू कर सकेगा।
