द जन सभा | आशीष साव
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने गुरुवार को चौपारण थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और लंबे समय से लंबित पड़े मामलों की गहन समीक्षा की। थाना परिसर में आयोजित बैठक में एसपी ने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वारंटियों की गिरफ्तारी और फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि मामलों को लटकाए रखना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम जनता की शिकायतों का समय पर समाधान कर पुलिस के प्रति उनका विश्वास मजबूत करना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के अभिलेखों, केस डायरी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने थाना के सभी एएसआई और सब-इंस्पेक्टरों के साथ अलग-अलग मामलों पर चर्चा कर अनुसंधान में आ रही चुनौतियों को समझा और गुणवत्तापूर्ण जांच के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ किया कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। इस मौके पर डीएसपी राधा प्रेम किशोर, सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कुमार, थाना प्रभारी पंकज कुमार सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
