Hazaribagh News: हजारीबाग झील का उपायुक्त ने औचक निरीक्षण किया। कहा खाली जगहों पर बनेगा पार्किंग जोन, लोगों को जाम से मिलेगी मुक्ति

अभी अभी झारखंड राजनीति
Share Now

द जन सभा  |  हजारीबाग  |  आशीष साव

शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल हजारीबाग झील क्षेत्र को जाम से मुक्ति दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। उपायुक्त हेमन्त सती ने सोमवार को झील परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाम के समय लगने वाली भारी भीड़ और इसके कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्याओं का जायजा लिया। मौके पर नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता भी मुख्य रूप से मौजूद थे।

खाली जगहों पर बनेगा व्यवस्थित पार्किंग जोन

​निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने देखा कि झील क्षेत्र में आने वाले सैलानियों और स्थानीय लोगों द्वारा सड़क किनारे यत्र-तत्र गाड़ियां खड़ी कर दी जाती हैं। इस बेतरतीब पार्किंग की वजह से खासकर शाम के वक्त पूरे इलाके में भीषण जाम लग जाता है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि झील के आसपास जितने भी खाली स्थान उपलब्ध हैं, उन्हें विकसित किया जाए। इन स्थानों को ‘व्यवस्थित पार्किंग जोन’ के रूप में तब्दील करने को कहा गया है ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो और यातायात सुगम हो सके।

फेंसिंग के भीतर शिफ्ट होंगी मछली दुकानें

​यातायात को प्रभावित करने वाले एक और बड़े कारण पर कार्रवाई करते हुए उपायुक्त ने सड़क किनारे अनियमित रूप से संचालित हो रही मछली दुकानों को हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन सभी दुकानों को चिन्हित कर निर्धारित फेंसिंग क्षेत्र के भीतर शिफ्ट किया जाए। इससे न केवल सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्था दूर होगी, बल्कि जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी।

हजारीबाग झील क्षेत्र हमारे शहर का एक प्रमुख और गौरवशाली स्थल है। यहां आने वाले लोगों को एक सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और साफ-सुथरा माहौल मिलना ही चाहिए। नगर निगम को निर्देश दिया गया है कि वे जल्द से जल्द इन सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर आम जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान करें।”

हेमन्त सती, उपायुक्त, हजारीबाग

नगर निगम को जल्द कार्रवाई के निर्देश

उपायुक्त ने नगर निगम प्रशासन को पूरी योजना पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ किया कि झील क्षेत्र की सुंदरता और नागरिक सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जल्द ही नए नियमों और पार्किंग व्यवस्था को धरातल पर उतार दिया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को जाम के झाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *