राज्यपाल ने “स्वर्णिम भारत एक्सपो-2025” का किया उद्घाटन

झारखंड न्यूज़ रांची
Share Now


रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची द्वारा आयोजित मेगा प्रदर्शनी “स्वर्णिम भारत एक्सपो-2025” के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि ज्ञान, नवाचार, कौशल विकास और आधुनिकता का जीवंत संगम है, जो युवाओं, शोधकर्ताओं, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं को एक सूत्र में जोड़ने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस एक्सपो में कौशल विकास, कृषि, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, हस्तशिल्प, पर्यटन, ऊर्जा, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जो नए भारत की प्रगति की दिशा तय कर रहे हैं।

राज्यपाल ने विशेष रूप से इस तथ्य की सराहना की कि इस प्रदर्शनी में डी.आर.डी.ओ., इसरो, सी.एस.आई.आर. और आई.सी.एम.आर. जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों सहित विभिन्न विभाग एवं संगठन अपनी उपलब्धियाँ और नवाचार प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भारत की वैज्ञानिक एवं शोध क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन है। उन्होंने अंतरिक्ष अनुसंधान में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि चंद्रयान-3 तथा सूर्य मिशन आदित्य एल-1 ने पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के योगदान की भी सराहना की और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा-पुंज बताया।

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के “स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत” के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक्सपो “वोकल फॉर लोकल” की भावना को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 में युवाओं एवं शिक्षण संस्थानों की अहम भूमिका है। झारखण्ड की पावन भूमि अपनी प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक धरोहर और परिश्रमी मानव संसाधन के कारण राष्ट्र के विकास में निरंतर योगदान देती रहेगी।  उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एक्सपो युवाओं को रचनात्मकता, नवाचार और राष्ट्र-निर्माण की दिशा में प्रेरित करेगा। राज्यपाल ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं आगंतुकों को शुभकामनाएँ देते हुए स्वर्णिम भारत और समृद्ध झारखण्ड के निर्माण हेतु सभी को निष्ठा और संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *