द जन सभा | निरंजन भारती
राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर के गितिल कोचा में हुई युवक आशीष लकड़ा की हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जघन्य हत्याकांड में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में रिंकू बड़ाईक 24 वर्ष, स्थायी निवासी गुमला, वर्तमान पता- टुनकी टोला, कोकर और कार्तिक कुमार 20 वर्ष, स्थायी निवासी महुआ टोली, गुमला, वर्तमान पता- नया टोली, बरियातू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बेहद धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।

खाने-पीने के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, यह पूरी वारदात 9 जून 2026 की है, जब तपोवन गली कोकर के रहने वाले आशीष लकड़ा 29 वर्ष पर अज्ञात हमलावरों ने गितिल कोचा में धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। पुलिस द्वारा घायल को तुरंत इलाज के लिए रिम्स भेजा गया था, जहां अगले दिन 10 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के भाई बिराज लकड़ा के फर्दबयान के आधार पर सदर थाना में कांड संख्या- 268/2026, धारा- 103(1)/3(5) BNS भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि घटना स्थल पर खाने-पीने के दौरान दोनों पक्षों के बीच मामूली बात पर धक्का-मुक्की हुई थी, जिसके बाद तैश में आकर उन्होंने आशीष पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
मामले के खुलासे पर जानकारी देते हुए सदर पुलिस उपाधीक्षक संजीव बेसरा ने बताया की मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने मानवीय और तकनीकी इनपुट का उपयोग करते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों मुख्य अभियुक्तों को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मुख्य हथियार धारदार चाकू भी ज़ब्त कर लिया गया है। शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली सफल टीम में सदर डीएसपी संजीव बेसरा के साथ सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार, सब-इंस्पेक्टर चंदन कुमार, दीपक नारायण सिंह, दीपक राणा, विकास प्रसाद, जमील अंसारी और सदर थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
