रांची: झारखंड सरकार के उद्योग निदेशालय ने फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और महासचिव रोहित अग्रवाल को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026, दावोस में भाग लेने वाले राज्य के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया है। यह जानकारी शुक्रवार को चैंबर भवन में प्रेस वार्ता में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा पहली बार उद्योग-व्यापार जगत को प्रत्यक्ष रूप से वैश्विक मंच पर प्रतिनिधित्व देना ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि झारखंड खनिज संपदा, ग्रीन एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश आकर्षित कर देश के आर्थिक मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।
महासचिव रोहित अग्रवाल ने इसे चैंबर और व्यवसाय जगत के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि प्रतिनिधिमंडल शनिवार को दिल्ली के लिए रवाना होगा। सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि झारखंड गठन के बाद पहली बार राज्य के उद्योग जगत को इस स्तर की भागीदारी मिली है।
पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और सदस्यों आस्था किरण, मुकेश अग्रवाल सहित अन्य ने इसे राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर बताया और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
#Dawesh #WorldEconomicForum #worldeconomy #fjcci #Cmjharkhand #HemantSoren #kalpanasoren #cmojharkhand
