रांची: भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा झारखंड सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को पंगु बनाने के आरोप पर सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कड़ा पलटवार किया है। पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि मरांडी का बयान पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है।
महासचिव श्री पांडेय ने कहा कि मरांडी यह भूल रहे हैं कि पिछली सरकार में चार वर्षों तक भाजपा ने खुद नेता प्रतिपक्ष का चयन नहीं किया, जिससे कई संवैधानिक नियुक्तियां लटकी रहीं। भाजपा ने ऐसा जानबूझ कर किया। अपने इस कृत्य का जवाब भाजपा देगी क्या? पहले उन्हें इसका जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संस्थाओं को सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है, लेकिन भाजपा सिर्फ राजनीतिक आरोप लगाने में व्यस्त है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का मकसद सिर्फ भ्रम फैलाना और जनता को गुमराह करना है।
हेमंत सरकार कल्याण, निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि जैसे महत्वपूर्ण सेक्टर में मील का पत्थर साबित करते हुए ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। हर वर्ग के लिए जरूरी योजनाओं को सफलतापूर्व धरातल पर उतारा जा रहा है।
लेकिन, भाजपा राज्य के लोगों का हक मारने के लिए केंद्र सरकार का दुरुपयोग कर रही है। झारखंड की लाभुक योजनाओं, विकास योजनाओं के मद में जानबूझ कर फंड देने में देरी की जा रही है।
लेकिन, राज्य की जनता ये सब समझ चुकी है और यही कारण है कि पिछले चुनाव में प्रचंड बहुमत देकर हेमंत सरकार को सत्ता में वापस ले आई है।
श्री विनोद पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर काम कर रही है। सरकार सभी संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए चरणबद्ध रूप से कदम उठा रही है और नियुक्तियों की प्रक्रिया भी चल रही है।
झामुमो नेता ने भाजपा से पहले अपनी भूमिका की जवाबदेही तय करने की मांग की और कहा कि झूठे आरोपों के जरिए सरकार की छवि खराब करने की साजिश सफल नहीं होगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
