द जन सभा
बिहार के रोहतास जिले से सोमवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई है। सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर खड़ी सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 53212) की एक बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह-सुबह हुई इस घटना से पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया।

शौचालय से उठा धुआं, देखते ही देखते धधक उठी बोगी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब पौने सात बजे ट्रेन खुलने ही वाली थी कि तभी ट्रेन की बी-3 (B-3) बोगी के शौचालय से अचानक तेज धुआं निकलता दिखाई दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, धुएं ने विकराल रूप ले लिया और बोगी से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग को देखकर बोगी के भीतर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए खिड़की-दरवाजों से कूद-कूदकर भागने लगे।
शॉर्ट सर्किट बना वजह, जलकर राख हुई बोगी
शुरुआती जांच और रेलवे सूत्रों के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक दमकल और राहत कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाते, तब तक ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते बोगी को खाली करा लिया गया था।
बोगी को काटकर किया अलग, टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। रेलवे कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल प्रभाव से आग की चपेट में आई बोगी को ट्रेन के बाकी हिस्सों से काटकर अलग कर दिया। इस त्वरित कार्रवाई की वजह से आग दूसरी बोगियों में नहीं फैल सकी और एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। सुरक्षा बलों ने एहतियात के तौर पर पूरे प्लेटफॉर्म को खाली करा लिया।
यात्रियों की मदद के लिए आरा पैसेंजर को किया गया रवाना
इस हादसे के कारण सासाराम-पटना रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों की सहूलियत और उनके समय को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने तुरंत एक वैकल्पिक व्यवस्था की। प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर पहले से खड़ी सासाराम-आरा सवारी गाड़ी को उसके निर्धारित समय पर रवाना किया गया, ताकि परेशान यात्री अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ सकें। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
