सराडू में 8 अक्टूबर को होगी बड़ी ग्रामसभा, अंचल कार्यालय ने जारी किया आधिकारिक पत्र

रांची
Share Now

FRA/NOC प्रस्ताव और अनापत्ति को लेकर होगी ग्रामसभा, वन विभाग और परियोजना अधिकारियों को भी भेजा गया पत्र

द जन सभा डेस्क | टंडवा

टंडवा प्रखंड के सराडू गांव में 8 अक्टूबर 2026 को ग्रामसभा आयोजित होगी। इसको लेकर टंडवा अंचल कार्यालय ने गुरुवार को आधिकारिक पत्र जारी किया है। अंचल कार्यालय के पत्र के अनुसार ग्रामसभा सीसीएल के मगध-संघमित्रा क्षेत्र अंतर्गत संघमित्रा OCP 20MT के लिए इस्तेमाल होने वाली जमीन के भू-हस्तांतरण और वनाधिकार अधिनियम 2006 के तहत FRA/NOC उपलब्ध कराने को लेकर बुलाई गई है। अंचल कार्यालय के पत्र में सराडू गांव की खाता संख्या 278 और प्लॉट संख्या 2 का भी उल्लेख किया गया है। दस्तावेज में FRA के लिए कुल 849.61 एकड़ जमीन का आंकड़ा दिया गया है। इसमें 480.37 एकड़ नोटिफाइड फॉरेस्ट और 369.24 एकड़ GMJJ जमीन बताई गई है। जारी पत्र में कहा गया है कि संबंधित भूमि का भू-विवरणी सत्यापन किया जा चुका है और अब ग्रामसभा के जरिए आगे की प्रक्रिया की जानी है। ग्रामसभा को लेकर प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी दी है। पत्र के अनुसार राजस्व उपनिरीक्षक, अंचल निरीक्षक और अंचल अमीन को ग्रामसभा में भाग लेने के लिए कहा गया है। वहीं वन विभाग और संघमित्रा OCP के परियोजना अधिकारियों को भी बैठक में शामिल होने के लिए पत्र भेजा गया है।

अंचल कार्यालय ने ग्रामसभा की कार्यवाही को लेकर कुछ जरूरी निर्देश भी जारी किया गया हैं। बैठक में शामिल ग्रामीणों का नाम, पिता/पति का नाम, पता, आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करने की बात कही गई है। इसके साथ ही उपस्थित ग्रामीणों का हस्ताक्षर बैठक पंजी में लेने और ग्रामसभा की वीडियोग्राफी कराने का भी निर्देश दिया गया है। बैठक के बाद संबंधित रिकॉर्ड और कार्यवाही को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी तय की गई है। इस पूरे मामले में FRA/NOC सबसे अहम हिस्सा है। अंचल कार्यालय से जारी पत्र में कहा गया है कि वनाधिकार अधिनियम 2006 के तहत FRA/NOC प्रस्ताव के लिए ग्रामसभा का प्रतिवेदन और अनापत्ति प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए। पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त चतरा, अपर समाहर्ता, सिमरिया के अनुमंडल पदाधिकारी, वन क्षेत्र पदाधिकारी टंडवा तथा महाप्रबंधक/परियोजना पदाधिकारी, संघमित्रा OCP मगध-संघमित्रा क्षेत्र टंडवा को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *