द जन सभा डेस्क | टंडवा
चतरा जिले के टंडवा प्रखंड में प्रसिद्ध सूर्य मंदिर चुंदरु धाम में 14 सितंबर से 10 दिवसीय श्री गणेश महोत्सव शुरू होगा। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए चतरा के उपायुक्त रवि आनंद चुंदरु धाम पहुंचे। सूर्य मंदिर विकास समिति ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें आयोजन के लिए आमंत्रित किया था। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रकाश, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर किया जाएगा। उपायुक्त ने मंदिर परिसर में एक हाई मास्ट लाइट और पांच हैलोजन लाइट लगाने का निर्देश दिया। साथ ही कोयला ढोने वाले वाहनों से उड़ने वाली धूल और प्रदूषण को देखते हुए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने को भी कहा।
इसके बाद उपायुक्त ने टंडवा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय और निर्माणाधीन मल्टीप्लेक्स हॉल का निरीक्षण किया। कार्यालय में उन्होंने SIR-2026, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई, अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति और लंबित आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आम लोगों से जुड़े आवेदनों का समय पर निष्पादन करने और कार्यालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। निर्माणाधीन मल्टीप्लेक्स हॉल का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने पर जोर दिया। वहीं सूर्य मंदिर विकास समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने कहा कि 14 सितंबर से शुरू होने वाले गणेश महोत्सव को लेकर समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस दौरान जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, टंडवा के अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल उरांव समेत कई अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।
