Bakrid News: बकरीद को लेकर कांके थाना में हुई शांति समिति की बैठक

अभी अभी आदिवासी जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

द जन सभा  | कांके

आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को कांके थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।उपप्रमुख अजय बैठा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखना और आपसी तालमेल को मजबूत करना रहा।

फोटो: कांके थाना में शांति समिति की बैठक में उपस्थित अधिकारी व गणमान्य लोग

बैठक को संबोधित करते हुए प्रशिक्षु आईपीएस सह सहायक पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी साक्षी जमुआर ने क्षेत्रवासियों से शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने तीन महीने के छोटे से कार्यकाल में उन्होंने अनुभव किया है कि कांके की जनता बेहद अमन-पसंद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी लोग भाईचारे के साथ त्योहार मनाकर पूरे जिले में एक बेहतरीन मिसाल पेश करेंगे।

इसी क्रम में इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियों के बीच हमें अन्य धर्मों की भावनाओं का भी पूरा ख्याल रखने की जरूरत है। सभी नागरिक कानून और नियमों के दायरे में रहकर ही पर्व मनाएं। वहीं, बैठक की अध्यक्षता कर रहे उपप्रमुख अजय बैठा ने कहा कि कांके में हमेशा से मिल-जुलकर त्योहार मनाने की परंपरा रही है और इस बार भी इसे कायम रखा जाएगा।

धार्मिक और सामाजिक संगठनों की ओर से सदर अंजुमन इस्लामिया कांके के अब्दुल रहमान ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि बकरीद का पर्व पूरी तरह से शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि पहले की तरह प्यार और आपसी विश्वास के माहौल को पुनः मजबूत करने की जरूरत है।

वहीं, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष संजर खान ने समाज के लोगों से विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया। उन्होंने अपील की कि सभी लोग प्रतिबंधित चीजों से पूरी तरह दूरी बनाए रखें और कुर्बानी के नियमों का पालन करें। इसके साथ ही उन्होंने सलाह दी कि कुर्बानी के दौरान पर्दे और साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखा जाए, ताकि किसी भी अन्य समुदाय की भावनाएं आहत न हों।

इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। इनमें मुख्य रूप से सज्जाद अंसारी, रंजीत टोप्पो, वीरेंद्र नारायण तिवारी, नुरूल होदा, अजीजुल अंसारी, प्रदीप ठाकुर, सुलेमान अंसारी, मोबिन अंसारी, नेसार अहमद, नसीम अंसारी, मेहताब आलम के साथ-साथ सब इंस्पेक्टर कफील अहमद, राजकुमार तिग्गा, अरविंद कुमार, प्रवीण रजक और भीम सिंह सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *