तीन मजदूरों की मौत के बाद 11 अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज होते ही मुआवजे पर छिड़ी बहस! अधिकारियों के पक्ष में एकजुट हुए JMM, BJP और CONGRESS के नेता…

द जन सभा | टंडवा| चतरा
NTPC कन्वेयर हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। परिवारों का सहारा छिन गया। घर में मातम पसरा है। बच्चों के भविष्य की चिंता है। एनटीपीसी प्रबंधन के साथ बातचीत हुई तो प्रत्येक मृतक के आश्रित को 50-50 लाख रुपये मुआवजा और रोजगार देने पर सहमति भी बन गई। लगा कि अब कम से कम पीड़ित परिवारों के आंसू कुछ कम होंगे। लेकिन कहानी में नया मोड़ तब आ गया, जब एनटीपीसी और सहयोगी एजेंसी के 11 अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो गई। जिसके बाद सवाल यह उठने लगा है कि क्या अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज होने से मृतक परिवारों को मिलने वाला 50-50 लाख रुपये का मुआवजा संकट में पड़ जाएगा? टंडवा में मामला इतना गरमा गया कि झामुमो, भाजपा और कांग्रेस के नेता एक साथ डीएसपी के पास पहुंच गए। आमतौर पर राजनीतिक मुद्दों पर अलग-अलग सुर में बोलने वाले नेताओं की इस मामले में एकजुटता देखने को मिली। नेताओं ने टंडवा डीएसपी प्रभात रंजन बरवार से मुलाकात कर प्राथमिकी पर आपत्ति जताई और मृतक राजेंद्र सोनी की पत्नी लक्ष्मी देवी का शपथ पत्र सौंपा। नेताओं का तर्क है कि जब एनटीपीसी प्रबंधन ने मृतक परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा और रोजगार देने का लिखित समझौता किया था तो अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से मामला क्यों उलझाया जा रहा है? उनका आरोप है कि FIR दर्ज होने के बाद एनटीपीसी प्रबंधन मुआवजे की राशि देने से पीछे हट रहा है। यानी अब चर्चा मजदूरों की मौत, सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी से ज्यादा इस बात पर हो रही है कि अधिकारियों पर मुकदमा क्यों हुआ? सवाल यह भी है कि अगर मुआवजा देने का समझौता हो चुका था तो फिर प्राथमिकी दर्ज होने से उसका क्या संबंध है?
वहीं मामले में मृतक राजेंद्र सोनी की पत्नी लक्ष्मी देवी का शपथ पत्र भी चर्चा का विषय बना हुआ है। शपथ पत्र में उन्होंने कहा है कि उन्होंने एनटीपीसी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। उनका कहना है कि वह अनपढ़ हैं और केवल हस्ताक्षर करना जानती हैं। वह बीमा की राशि से संबंधित प्रक्रिया के लिए थाने गई थीं और यूडी का मामला दर्ज कराना चाहती थीं। अब नेताओं ने इसी शपथ पत्र को आधार बनाकर पुलिस से प्राथमिकी दर्ज होने की परिस्थितियों की जांच करने की मांग की है। लेकिन यहां एक दूसरा सवाल भी है कि अगर शिकायत को लेकर कोई गलतफहमी हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए, मगर क्या इस दौरान मृतक परिवारों का मुआवजा भी इंतजार करता रहेगा? आखिर परिवारों को अधिकारियों के नाम पर दर्ज मुकदमे से क्या लेना-देना, उन्हें तो अपने खोए हुए सदस्य के बदले मिलने वाले आर्थिक सहारे और न्याय की चिंता है। उधर, मृतक परिवारों की पीड़ा अपनी जगह है। जिन घरों में पहले कमाने वाले सदस्य की आवाज गूंजती थी, वहां अब उनकी यादें हैं। परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है। परिवारों का सवाल है कि जब लिखित समझौते में 50-50 लाख रुपये मुआवजा और रोजगार देने की बात तय हुई थी तो अब तक भुगतान क्यों नहीं हुआ? क्या किसी अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने से मृतक के बच्चों की पढ़ाई रुक जानी चाहिए? क्या घर का चूल्हा भी कानूनी कार्रवाई खत्म होने के बाद ही जलेगा? परिवारों को किसी राजनीतिक बयान या मुलाकात की तस्वीर से राहत नहीं मिलने वाली। उन्हें अपना हक चाहिए और हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार हो, उसकी निष्पक्ष जांच भी चाहिए।
डीएसपी से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता सुभाष दास, झामुमो नेता कृष्णा साहू, तिलेश्वर साव, देवकी रजक, जगेश्वर दास, धनंजय सोनी और भाजयुमो के जिला महामंत्री विकास मालाकार शामिल थे। नेताओं ने कहा कि FIR दर्ज होने से एनटीपीसी प्रबंधन मुआवजा देने में आनाकानी कर रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले को सुलझाने की मांग की। डीएसपी प्रभात रंजन बरवार ने उनकी बातें सुनने के बाद 10 दिनों के अंदर समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया। साथ ही एनटीपीसी प्रबंधन को तय समय सीमा के अंदर मुआवजा देने के संबंध में निर्देश देने की बात कही। अब टंडवा में एक नया इंतजार शुरू हो गया है। पहले परिवार 10 से 15 दिनों में मुआवजे का इंतजार कर रहे थे, अब उन्हें डीएसपी के 10 दिनों के भरोसे का इंतजार है। सवाल यह है कि इस बार आश्वासन की घड़ी पूरी होने पर पैसा मिलेगा या फिर एक नया आश्वासन तैयार रहेगा? बताया जाता है कि 18 नवंबर को हुए हादसे के बाद एनटीपीसी के एजीएम तन्मय दत्ता के नेतृत्व में मृतक परिवारों, विधायक और ग्रामीणों की मौजूदगी में वार्ता हुई थी। इसमें प्रत्येक मृतक के आश्रित को 50 लाख रुपये मुआवजा और रोजगार देने पर सहमति बनी थी। 10 से 15 दिनों के भीतर भुगतान का आश्वासन भी दिया गया था। समझौते के बाद परिवारों को उम्मीद थी कि अब उन्हें आर्थिक परेशानी से कुछ राहत मिलेगी। लेकिन 11 अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामला विवादों में घिर गया। अब सवाल उठता है कि क्या लिखित समझौते की कोई समय सीमा और जवाबदेही भी है? अगर प्रबंधन ने वादा किया है तो उसे पूरा करने में कानूनी अड़चन क्या है? और यदि हादसे में लापरवाही हुई है तो उसकी जांच से किसी को परेशानी क्यों होनी चाहिए?

झामुमो नेता कृष्णा साहू और कांग्रेस नेता सुभाष दास का कहना है कि जब मुआवजे पर सहमति बन चुकी है तो अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने से मामला उलझाना उचित नहीं है। वहीं भाजपा नेता विकास मालाकार ने वर्ष 2014 के बाद प्लांट में हुई दुर्घटनाओं और मौतों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि पहले अधिकारियों को नामजद आरोपी क्यों नहीं बनाया गया? उनका कहना है कि प्लांट में कई दुर्घटनाएं हुई हैं, लेकिन इस बार 11 अधिकारियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज होने से मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, हादसों का पुराना रिकॉर्ड हो या इस बार की प्राथमिकी, सबसे जरूरी सवाल यही है कि आखिर औद्योगिक दुर्घटनाओं में मजदूरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? मजदूर काम करने प्लांट में जाते हैं, लेकिन सुरक्षित घर लौटने की गारंटी कौन देगा? वहीं कानूनी जानकारों के मुताबिक, मुआवजे का समझौता और आपराधिक मुकदमा दो अलग-अलग विषय हैं। कंपनी द्वारा मृतक परिवारों को मुआवजा देने की सहमति जताने से आपराधिक जांच समाप्त नहीं हो जाती। यदि हादसे में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है तो पुलिस को कानून के अनुसार जांच करनी होगी। वहीं शिकायतकर्ता का शपथ पत्र भी जांच में महत्वपूर्ण हो सकता है, लेकिन केवल शपथ पत्र के आधार पर दर्ज FIR अपने आप खत्म नहीं होती। पुलिस को यह पता लगाना होगा कि प्राथमिकी किस आधार पर दर्ज हुई और हादसे में किसकी भूमिका रही। प्राथमिकी निरस्त करने का अधिकार सक्षम न्यायालय के पास है। इसलिए मुआवजे के भुगतान को आपराधिक जांच से जोड़कर रोकना उचित कानूनी दृष्टिकोण नहीं होगा। तीन मजदूरों की मौत के बाद 50-50 लाख रुपये मुआवजे का वादा हुआ। फिर FIR दर्ज हुई या नहीं इसकी कोई स्पष्ट जानकारी किसी के पास नहीं है! और मामला नेताओं से लेकर पुलिस तक पहुंच गया। अधिकारी, प्रबंधन और नेता अपनी-अपनी दलीलें दे रहे हैं। लेकिन जिन परिवारों ने अपना कमाने वाला सदस्य खोया है, उनकी सुनवाई कब होगी? कब तक उन्हें उनका तय राशि मिल जाएगा?
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
