द जन सभा | डेस्क
आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अनोखी शुरुआत की गई है। रांची के नगड़ी प्रखंड में एग कार्ट योजना का आगाज़ किया गया है, जिसके तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को बिल्कुल मुफ्त में आधुनिक एग कार्ट और रसोई का सामान मुहैया कराया जा रहा है। नगड़ी आजीविका महिला संकुल स्तरीय स्वावलंबी सहकारी समिति के माध्यम से शुरू की गई इस योजना में सामाजिक संस्था प्रदान और नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी सहयोग कर रही हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा करना और समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

योजना के तहत प्रत्येक चुनी गई महिला लाभुक को करीब 50,000 मूल्य की सामग्री दी जा रही है, जिसमें 35,000 का आधुनिक एग कार्ट और 15,000 के बर्तन व अन्य जरूरी उपकरण शामिल हैं। इन कार्ट्स के जरिए महिलाएं अंडे से बने विभिन्न लजीज व्यंजन बेचकर अपनी आजीविका चला सकेंगी। योजना के पहले चरण में नगड़ी की पाँच महिलाओं लक्ष्मी देवी, सुषमा आइंद, पुष्पा देवी, किरण देवी और सुनीता कच्छप को ये कार्ट सौंपे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती चरण की सफलता और अनुभवों के आधार पर इस अनूठी परियोजना को आने वाले समय में झारखंड के सभी 24 जिलों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि राज्य की अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।
